बातों में उलझाकर बुजुर्ग महिला को बनाया शिकार, जांच में जुटी पुलिस

Monday, Jul 27, 2026-11:21 AM (IST)

सांबा(अजय सिंह): सांबा जिले के विजयपुर बाजार में दो दिन पहले एक बुजुर्ग महिला से कथित तौर पर सोने की बालियां ठगने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर विजयपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा बाजार में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

परिजनों के अनुसार बुजुर्ग महिला बाजार से पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात पुरुष और एक महिला उनके साथ-साथ चलने लगे। आरोप है कि पुरुष ने महिला को बातचीत में उलझाया और कुछ सवाल पूछे। इसके बाद दोनों उन्हें वार्ड नंबर-11 स्थित नहर वाली गली की ओर ले गए। परिवार का कहना है कि जब बुजुर्ग महिला घर पहुंचीं तो उन्हें पूरी घटना की स्पष्ट जानकारी नहीं थी और उनकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी।

जब परिजनों ने उनसे बात की तो उन्होंने बताया कि बाजार में एक व्यक्ति ने उनसे बातचीत की थी, जिसके बाद उन्हें कुछ भी ठीक से याद नहीं रहा। बाद में परिजनों ने देखा कि उनके कानों की सोने की बालियां गायब थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने विजयपुर पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने आसपास के सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज जुटाकर संदिग्ध महिला और पुरुष की पहचान करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

प्रारंभिक जांच में दोनों संदिग्ध सी.सी.टी.वी. फुटेज में दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि सी.सी.टी.वी. फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध महिला या पुरुष के बारे में किसी को कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। साथ ही नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों, से अजनबियों से सतर्क रहने की भी अपील की गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News