Kathua में कार हादसे का शिकार, 2 की गई जान, 3 घायल
Saturday, Sep 12, 2026-11:48 AM (IST)
बनी/कठुआ(राकेश): जिले के दूरदराज क्षेत्र बनी के सरथल के पास शुक्रवार सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और 3 बुरी तरह से घायल हो गए। मृतकों में एक महिला व एक पुरुष शामिल है, जिनकी पहचान मोनिका पत्नी सवीर कोतवाल व बलवंत पुत्र बैजनाथ कोतवाल निवासी डंडी भद्रवाह के रूप में हुई है, जबकि घायलों की पहचान मृतका मोनिका का पति सुवीर कोतवाल, पुरुषोतना पत्नी बलवंत सिंह और विक्रम सिंह पुत्र रणजीत सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सभी एक कार से भद्रवाह से बनी स्थित सरथल आ रहे थे कि रास्ते में सरथल पहुंचने से पहले ही कार अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार 5 लोगों में से 2 की मौत हो गई और अन्य 3 घायल हो गए। कार में 2 महिलाओं के अलावा 3 पुरुष सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही बनी से पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से बनी के अस्पताल में लाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने 2 को मृत घोषित कर दिया, जबकि 3 घायलों को बनी के सी.एच.सी. में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उचित इलाज के बाद जी.एम.सी. कठुआ रैफर कर दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जहां स्थानीय विधायक डा. रामेश्वर सिंह अस्पताल पहुंचे और अस्पताल में घायलों का हाल जाना, इसी बीच पूर्व विधायक जीवन लाल भी घायलों का हाल जानने वहां पहुंचे। उधर, केंद्रीय राज्यमंत्री और इस क्षेत्र के सांसद डॉ. जितेंद्र सिंह ने सूचना मिलते ही जिला के डी.सी. राजेश शर्मा और स्थानीय विधायक से बात की और घायलों के उचित इलाज के लिए प्रबंध करने के निर्देश दिए।
वहीं, बनी के पूर्व विधायक जीवन लाल ने बनी जैसे दूरदराज अस्पताल में एक्स-रे मशीन कई महीनों से खराब होने पर दुख जताते हुए कहा कि जहां लोग सिर्फ सरकारी अस्पताल पर निर्भर हो, वहां पर प्राथमिक सुविधा वाली एक्स-रे मशीन इतने महीनों से खराब रहना खराब सिस्टम का बड़ा उदाहरण है, क्योंकि इसके लिए भी 100 से 200 किलोमीटर दूर अस्पताल में रैफर करना पड़ता है। जहां पर स्वास्थ सुविधा नाम की है, जबकि पिछले कुछ दिनों में जहां उचित इलाज के अभाव में 2 गर्भवती महिलाओं की प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। जिसका कारण यहां महिला रोग डॉक्टर का पद खाली होना है। इसके लिए जम्मू-कश्मीर स्वास्थ्य विभाग को गंभीर होना होगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
