Jammu के इलाके में चोरी की वारदातें, पुलिस ने मामले दर्ज कर शुरू की जांच
Wednesday, Sep 16, 2026-07:31 PM (IST)
मीरां साहिब ( मुकेश ) : जम्मू-कश्मीर के मीरां साहिब इलाके में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। थाना मीरां साहिब के अंतर्गत आने वाले कोटली मियां फतेह इलाके में बीती रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया है। चोरों ने दो अलग-अलग घरों की खिड़कियां तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जबकि तीसरे घर में चोरी का प्रयास किया गया। तीनों मकान पूर्व सैनिकों के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सुरिंदर सिंह, उनकी पत्नी सुषमा देवी तथा राशाल सिंह रात करीब 12 बजे घर में सोए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और सामान खंगाला। वहीं, परशोत्तम सिंह के दूसरे घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने यहां भी खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी को क्षतिग्रस्त किया।
इसी दौरान एक अन्य घर में भी चोरों ने चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन वहां वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके।
सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। थाना मीरां साहिब की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर उनके संबंध में सुराग जुटाया जा सके।
एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाए जाने की घटना से इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
