Jammu Kashmir : राजौरी में आतंकी मॉड्यूल की जांच में बड़ा खुलासा
Friday, Sep 18, 2026-11:11 AM (IST)
राजौरी(शिवम बक्शी): राजौरी जिले के धर्मसाल थाने में दर्ज प्राथमिकी संख्या 95/2026 के तहत आतंकी मॉड्यूल को लेकर चल रही जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। जांच में कोट चरवाल निवासी तीन आरोपियों की कथित भूमिका सोमवार को सामने आई, जिन पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े लॉजिस्टिक सपोर्ट मॉड्यूल का हिस्सा होने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आजम पुत्र अली बहादुर, जकीर हुसैन पुत्र गुलाम हुसैन और मोहम्मद मुश्ताक पुत्र मोहम्मद इकबाल, सभी निवासी कोट चरवाल, के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को पहले ही मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर आतंकियों को शरण देने के साथ-साथ उनकी आवाजाही में मदद करते थे। पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में रियासी के चसाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों को सहायता उपलब्ध कराने, उन्हें ठहराने और उनकी आवाजाही सुगम बनाने में भी आरोपियों की कथित भूमिका सामने आई है।
पुलिस जांच के अनुसार आरोपियों ने कथित तौर पर कई आतंकी समूहों को शरण और रसद संबंधी सहायता उपलब्ध कराई तथा राजौरी और रियासी जिलों के बीच आतंकियों की आवाजाही को सुगम बनाया। इसके अलावा पीर पंजाल क्षेत्र के रास्ते आतंकियों को शोपियां तक पहुंचाने में मदद किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
