युवक की संदिग्ध मौत का मामला गरमाया, SP ने दिए जांच के आदेश

Wednesday, Sep 09, 2026-05:35 PM (IST)

आर.एस.पुरा(रोहित मिश्रा): चक्रोई गांव में युवक की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर चल रहे प्रदर्शन के बीच एस.पी. हेडक्वार्टर अनालता सिन्हा ने एस.डी.एम. आर.एस.पुरा अनुराधा ठाकुर के साथ मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने युवक की मौत पर दुख प्रकट करते हुए परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच के आदेश पुलिस विभाग की ओर से दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

एस.पी. हेडक्वार्टर ने मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए डॉक्टरों के बोर्ड पैनल से मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों और परिजनों से शांति बनाए रखने की अपील की।

वहीं प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस अधिकारी द्वारा कथित तौर पर यह जानकारी दिए जाने कि मृतक को जब पुलिस हिरासत में लिया गया था, उस समय उसने शराब पी रखी थी और इसका उल्लेख मेडिकल रिपोर्ट में किया गया है, प्रदर्शनकारी भड़क उठे। लोगों ने इस बात पर कड़ी आपत्ति जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News