Pargwal में बारिश से किसानों की टेंशन बढ़ी! पकने को तैयार धान पर संकट

Sunday, Oct 11, 2026-02:32 PM (IST)

परगवाल ( रोहित मिश्रा ) :  सीमावर्ती क्षेत्र परगवाल में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली है। सुबह से ही तेज बारिश और आसमान में गरजते बादलों के चलते मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। लगातार हो रही बारिश ने मैदानी इलाकों में धान की फसल पर संकट के बादल मंडरा दिए हैं। खेतों में पकने के लिए तैयार खड़ी धान की फसल को लेकर किसान चिंतित नजर आ रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो धान की फसल को भारी नुकसान पहुंच सकता है। पहले से ही मौसम की मार झेल रहे किसानों के लिए लगातार बारिश किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं है। तेज बारिश के कारण खेतों में पानी जमा होने और फसल गिरने का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे पैदावार प्रभावित होने की आशंका है।

किसानों को सता रहा आर्थिक नुकसान का डर

धान की फसल किसानों की सालभर की मेहनत और आजीविका का प्रमुख आधार है। ऐसे में फसल तैयार होने के समय मौसम का बिगड़ना किसानों की चिंता बढ़ा रहा है। यदि बारिश और तेज हुई, तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। सीमावर्ती क्षेत्र के किसानों ने मौसम के मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि लगातार खराब मौसम उनकी मेहनत पर पानी फेर सकता है। किसानों को अब मौसम साफ होने का इंतजार है, ताकि उनकी फसल को और नुकसान से बचाया जा सके।

प्रशासन से नुकसान का आकलन करने की मांग

किसानों का कहना है कि यदि तेज बारिश के कारण धान की फसल को नुकसान पहुंचता है, तो संबंधित विभागों को खेतों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करना चाहिए। साथ ही, प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की दिशा में भी कदम उठाए जाने चाहिए। फिलहाल परगवाल के मैदानी इलाकों में किसानों की नजरें मौसम पर टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि बारिश का यह सिलसिला कब थमता है और किसानों की मेहनत से तैयार हो रही धान की फसल कितनी सुरक्षित रह पाती है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News