Jammu: बारिश और ओलावृष्टि से धान की फसल को भारी नुकसान, किसानों के चेहरे मुरझाए
Friday, Oct 09, 2026-02:05 PM (IST)
जम्मू (रोहित मिश्रा) : जम्मू-कश्मीर में वीरवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। कई इलाकों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई, जबकि ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में बर्फबारी भी देखने को मिली। वहीं, जम्मू के मैदानी इलाकों में हुई बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इस समय धान की फसल पकने की कगार पर है, लेकिन बारिश और ओलावृष्टि के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। कई जगहों पर खेतों में खड़ी धान की फसल जमीन पर बिछ गई है। इससे फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है और किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
फ्लाई मंडाल के एलोरा गांव में किसान परेशान
जम्मू के फ्लाई मंडाल क्षेत्र के एलोरा गांव में भी बारिश और ओलावृष्टि का असर देखने को मिला है। यहां किसानों के अनुसार, उनकी खरीफ की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। फसल खराब होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि उन्होंने खेती के लिए कर्ज लिया हुआ है और अब उन्हें उसकी अदायगी की चिंता सता रही है।
सरकार से मुआवजे और फसल बीमा देने की गुहार
प्रभावित किसानों ने सरकार और प्रशासन से गुहार लगाई है कि खेतों में हुए नुकसान का जल्द जायजा लिया जाए और उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। किसानों ने यह भी मांग की है कि फसल बीमा योजना के तहत उन्हें नियमों के अनुसार बीमा राशि उपलब्ध करवाई जाए, ताकि वे खेती के लिए लिया गया कर्ज चुका सकें और अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें।
किसानों का कहना है कि अगर समय रहते उन्हें आर्थिक सहायता नहीं मिली, तो उनके लिए परिवार का खर्च चलाना और अगली फसल की तैयारी करना मुश्किल हो जाएगा। अब प्रभावित किसान सरकार और प्रशासन से राहत मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
