Jammu-Kashmir में गर्मी के बाद मौसम का U-Turn! बारिश-ओलावृष्टि का Alert जारी
Sunday, May 10, 2026-04:15 PM (IST)
श्रीनगर (मीर आफ़ताब) : कश्मीर घाटी में इन दिनों मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिन के तापमान में असामान्य बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को मई महीने में ही तेज़ गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग (MeT) के अनुसार शनिवार को श्रीनगर में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 7.6 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक घाटी के कई अन्य इलाकों में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया। काज़ीगुंड में 31.0°C, पहलगाम में
25.2°C, कुपवाड़ा में 29.5°C, कोकरनाग में 28.6°C और गुलमर्ग में 23.0°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं सोपोर 32.1°C के साथ घाटी के सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहा। इसके अलावा बडगाम के बीरवाह में 28.7°C और बांदीपोरा के आलूसा में 30.3°C तापमान दर्ज किया गया।
जम्मू संभाग में भी गर्मी का असर देखने को मिला। जम्मू शहर में अधिकतम तापमान 35.1°C दर्ज किया गया, जबकि बनिहाल में 30.0°C, बटोटे में 24.6°C, भद्रवाह में 28.8°C और कटरा में 32.0°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि 10 मई की शाम तक मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 11 मई से 13 मई के बीच जम्मू-कश्मीर में मौसम बदलने का अनुमान जताया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ बौछारें और बादल छाए रहने की संभावना है।
MeT विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इस अवधि में कुछ इलाकों में ओलावृष्टि, तेज गर्जना, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग के अनुसार मौसम में बदलाव के चलते दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे 10 मई तक अपने कृषि कार्य जारी रखें और मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए सतर्क रहें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
