Good News: Amarnath के यात्रियों को मिलेगी बेरोक Mobile Connectivity, DOT ने दी ये सुविधा

Monday, Jul 08, 2024-07:22 PM (IST)

जम्मू : दूरसंचार विभाग (डी.ओ.टी.) ने श्री अमरनाथ जी यात्रा 2024 पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को निर्बाध मोबाइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित कराने के लिए दूरसंचार बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण विस्तार की घोषणा की है। विभाग ने एयरटेल, बी.एस.एन.एल. और रिलायंस जियो सहित प्रमुख दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टी.एस.पी.) के सहयोग से यात्रा मार्गों पर लगातार कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए बुनियादी ढांचे का उन्नयन किया है।

कवरेज सुनिश्चित करने के लिए, कुल 82 साइटें (एयरटेल, आर.जे.आई.एल. और बी.एस.एन.एल.) सक्रिय होंगी। यात्रा मार्गों पर कुल 31 नई साइटें स्थापित की गई हैं और इस तरह इनकी कुल संख्या 2024 में बढ़कर 82 हो गई है जबकि 2023 में इनकी संख्या 51 थी। इसका उद्देश्य तीर्थयात्रियों और जनता को निर्बाध मोबाइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। लखनपुर से काजीगुंड और काजीगुंड से पहलगाम और बालटाल तक के मार्ग पर तीर्थयात्रियों और जनता के लिए विभिन्न स्थानों पर 2जी, 3जी और 4जी तकनीक पूरी तरह उपलब्ध कराई गई है और कई जगहों पर 5जी तकनीक भी उपलब्ध कराई गई है।

 यात्रियों की सुविधा के लिए अन्य स्थानों के अलावा लखनपुर, यात्री निवास भगवती नगर, चंदरकोट, अनंतनाग, श्रीनगर, श्रीनगर हवाई अड्डा, पहलगाम, सोनमर्ग और बालटाल में सिम वितरण केंद्र भी खोले गए हैं। दूरसंचार विभाग श्री अमरनाथजी यात्रा 2024 में शामिल होने वाले सभी तीर्थयात्रियों के लिए सुचारू और सुगम दूरसंचार अनुभव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस महत्वपूर्ण तीर्थयात्रा को सहयोग देने के लिए उन्नत दूरसंचार प्रौद्योगिकी की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News