नशा तस्करों पर Jammu Police ने कसा शिकंजा, करोड़ों की संपत्ति की अटैच
Wednesday, Apr 29, 2026-10:46 AM (IST)
राजौरी(शिवम): नशा तस्करी और उससे जुड़े आर्थिक नैटवर्क के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जिला पुलिस राजौरी ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने 2 कुख्यात ड्रग तस्करों की 2.58 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की अचल संपत्तियों को जब्त (अटैच) कर लिया है। पुलिस थाना राजौरी ने एफ.आई.आर. नंबर 31/2026, धारा 8/21/22 एन.डी.पी.एस. एक्ट में नामजद आरोपी मुश्तफा मंजूर पुत्र मंजूर हुसैन निवासी धनिधार, तहसील व जिला राजौरी की संपत्ति को अटैच किया।

पुलिस के अनुसार अटैच की गई संपत्ति में धन्नीधार स्थित एक 3 मंजिला रिहायशी व व्यावसायिक इमारत शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.58 करोड़ रुपए है। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से नशा तस्करी में संलिप्त रहा है।
दूसरी बड़ी कार्रवाई में पुलिस थाना राजौरी ने एफ.आई.आर. नंबर 80/2026, धारा 8/21/22 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत आरोपी वसीम खान उर्फ सनम खान पुत्र मोहम्मद सलीम खान निवासी गांव कप्पा खाह, तहसील व जिला राजौरी की करीब 1 करोड़ मूल्य की संपत्ति को अटैच किया। यह संपत्ति गांव कप्पा खाह में स्थित एक रिहायशी मकान है, जिसे जांच के दौरान नशा तस्करी से अर्जित अवैध धन से बनाया गया पाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद यह स्थापित हुआ कि आरोपियों ने नशीले पदार्थों की तस्करी के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित की थी। सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद ही संपत्तियों को अटैच किया गया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
