Jammu News : बॉर्डर से सटे इलाके में Police Alert, वाहनों में लाउडस्पीकर लगाकर की Announcement
Friday, Sep 11, 2026-12:43 PM (IST)
अखनूर(रोहित मिश्रा): अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे परगवाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने किरायेदारों के सत्यापन को लेकर विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस वाहन के माध्यम से गांवों में मुनादी कर मकान मालिकों और दुकानदारों से अपने यहां रह रहे बाहरी राज्यों, विशेषकर बिहार व उत्तर प्रदेश से संबंधित किरायेदारों एवं दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों की पूरी जानकारी नजदीकी पुलिस चौकी/थाने में उपलब्ध करवाने की अपील की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से कहा है कि संबंधित व्यक्तियों की पहचान संबंधी दस्तावेज, जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा अन्य आवश्यक विवरण पुलिस के पास जमा करवाकर उनका सत्यापन करवाएं। सुरक्षा की दृष्टि से यह जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में होना आवश्यक बताया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन किसी व्यक्ति को किराये पर रखने या अपने प्रतिष्ठान में काम पर रखने से बचें। साथ ही स्थानीय लोगों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है। सीमा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
