बर्फबारी से यातायात ठप! पहाड़ी इलाकों में फंसे वाहन, प्रशासन ने लिया Action
Wednesday, Feb 04, 2026-04:54 PM (IST)
जम्मू/श्रीनगर (अरुण): कुपवाड़ा जिले के दुर्गम पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी के चलते फंसे 35 वाहनों को जिला प्रशासन ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह राहत एवं बचाव अभियान मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि से शुरू होकर पूरी रात जारी रहा।
अधिकारियों के अनुसार, जिले के ऊँचाई वाले क्षेत्र सदना टॉप में अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण कई वाहन रास्ते में फंस गए थे। सूचना मिलते ही कुपवाड़ा जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सदना टॉप पर रेस्क्यू और निकासी अभियान शुरू किया।
खराब मौसम और कम दृश्यता के बावजूद प्रशासन की टीमें पूरी मुस्तैदी से अभियान में जुटी रहीं। भारी मात्रा में जमी बर्फ के कारण वाहनों को निकालने का कार्य चुनौतीपूर्ण था, लेकिन टीमों ने तड़के सुबह तक लगातार प्रयास करते हुए सभी 35 फंसे वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बर्फ हटाने वाली मशीनों और फील्ड स्टाफ को मौके पर तैनात किया गया था। सबसे अधिक संवेदनशील और जोखिम भरे हिस्सों को प्राथमिकता के आधार पर साफ किया गया, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। प्रशासन ने कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से हालात को और बिगड़ने से रोका जा सका और आंशिक रूप से यातायात बहाल करने में भी सफलता मिली।
वहीं, जिला प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक ऊँचे पहाड़ी इलाकों की ओर अनावश्यक यात्रा से बचें और जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का सख्ती से पालन करें। अधिकारियों ने बताया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सड़क सुरक्षा व आम लोगों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
