J&K: प्रशासन की सख्ती से मचा हड़कंप, पुलवामा से अखनूर तक बड़ी कार्रवाई
Wednesday, Feb 04, 2026-08:53 PM (IST)
जम्मू/श्रीनगर/अखनूर (अरुण, किशोर): स्थानीय जल स्रोतों और नालों से हो रहे अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलवामा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने अवैध खनन और खनिज परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन टिप्पर और एक एलएनटी मशीन को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, लिट्टर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रामबायरा, लस्सीपोरा और लिट्टर क्षेत्रों में नियमित जांच के दौरान इन वाहनों और मशीनरी को पकड़ा। इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत लिट्टर थाने में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं, अखनूर क्षेत्र में भी अवैध खनन के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई की गई है। जिला खनन अधिकारी (डीएमओ) नवीन हंस की अगुवाई में की गई इस कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टरों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीएमओ को अखनूर क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन और खनिज परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए टीम के साथ अचानक छापेमारी की गई, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया। नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
