J&K के इस इलाके में जरा संभल कर..., रात के अंधेरे में गायब हो जाती है सड़क! टूटे मैनहोल दे रहे हादसों को न्योता
Monday, Apr 06, 2026-07:10 PM (IST)
आर.एस.पुरा ( मुकेश ) : जम्मू-कश्मीर के प्रमुख शहरों में शुमार आर.एस. पुरा की सड़कों पर इन दिनों 'सफर' नहीं, बल्कि 'खतरा' दौड़ रहा है। क्या आपने कभी सोचा है कि जिस सड़क पर आप चल रहे हैं, वह अगले ही पल आपको अस्पताल पहुंचा सकती है? जी हां, आर.एस. पुरा के मुख्य बाजार और इसकी तंग गलियों का हाल कुछ ऐसा ही है, जहाँ खुले और टूटे हुए मैनहोल राहगीरों के लिए 'मौत का कुआं' साबित हो रहे हैं।
आर.एस. पुरा के मुख्य बाजार व आसपास की गलियों में टूटे हुए मैनहोल सड़क हादसों को न्योता दे रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग द्वारा इन मैनहोल की लंबे समय से मुरम्मत नहीं करवाई जा रही है।
वार्ड नंबर 2 के निवासी हनी महाजन, ओमप्रकाश आडवाणी सहित अन्य लोगों ने बताया कि आर.एस. पुरा म्युनिसिपल कमेटी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि पिछले करीब दो वर्षों से कई समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं और समय पर उनका समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य बाजार की कई गलियां गंदगी से भरी पड़ी हैं और जगह-जगह टूटे मैनहोल लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खासकर रात के समय टूटे मैनहोल दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे होने का खतरा और बढ़ जाता है। कई बार छोटे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को चोट लगने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
इस अवसर पर लोगों ने संबंधित विभाग और म्युनिसिपल कमेटी से मांग की है कि मुख्य बाजार और गलियों में टूटे मैनहोल को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए तथा सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
