जम्मू में प्रदूषण रोकने के लिए बड़ा कदम, नालों में लगाए गए फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर
Tuesday, Apr 28, 2026-07:03 PM (IST)
जम्मू: शहर में बढ़ते प्रदूषण और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है, जिसके चलते नालों और नहरों में कचरा जाने से रोकने के लिए फ्लोटिंग ट्रैश बूम बैरियर लगाए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, इन बैरियरों की मदद से कचरे को जल स्रोतों में प्रवेश करने से पहले ही रोका जा सकेगा, जिससे पानी की गुणवत्ता में सुधार होगा और जलभराव की समस्या भी कम होगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य तवी नदी को बढ़ते कचरे और प्रदूषण से बचाना है। लंबे समय से नदी में कचरा फेंके जाने की समस्या सामने आ रही थी, जिससे पर्यावरण को नुकसान हो रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि यह पहल शहर को स्वच्छ और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि वे कचरा नालों और जल स्रोतों में न डालें, ताकि इस अभियान को सफल बनाया जा सके।

