जम्मू में बदले मौसम से लोगों को मिली राहत, जानें क्या बरसेंगे बादल
Friday, Apr 17, 2026-11:47 AM (IST)
जम्मू(रोशनी): जम्मू में कुछ दिनों से तेज धूप और गर्मी के बाद शुक्रवार को मौसम अचानक सुहावना और ठंडक भरा हो गया। लोगों को तेज गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। आसमान में बादल छाए रहने और हल्की ठंडी हवाओं के कारण पूरा इलाका कूल-कूल महसूस हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान जम्मू संभाग में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान जम्मू में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कश्मीर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान बिजली के खंभों, पुराने पेड़ों और कमजोर इमारतों से दूरी बनाकर रखें। साथ ही सुधार होने तक नदियों, झीलों और दरियाओं में नाव चलाने या तैराकी जैसी गतिविधियां न करें। किसानों और पर्यटकों को भी सतर्क रहने की अपील की गई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आया है, जिससे क्षेत्र में ठंडक बढ़ी है और गर्मी से राहत मिली है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
