लश्कर आतंकी का NIA जांच में चौंकाने वाला खुलासा, सामने आई अनोखी कहानी

Sunday, May 17, 2026-08:40 PM (IST)

जम्मू : जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों को अंजाम देने के इरादे से भारत में घुसे एक पाकिस्तानी आतंकी से जुड़ा बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का प्रशिक्षित आतंकी मोहम्मद उस्मान जट्ट उर्फ ‘चीनी’ को भारत में आतंक फैलाने भेजा गया था, लेकिन घाटी पहुंचकर उसका ध्यान अपने मिशन से हट गया। 

सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में जट्ट ने जम्मू-कश्मीर में अपनी घुसपैठ, घाटी के उत्तरी हिस्सों में बिताए गए समय और विभिन्न ठिकानों के बारे में भी जानकारी दी। लाहौर निवासी और लश्कर-ए-तैयबा का प्रशिक्षित आतंकी जट्ट ने बताया कि उसे सीमा पार कर कई आतंकी हमलों को अंजाम देने के निर्देश दिए गए थे। अधिकारियों के मुताबिक वह उत्तर और मध्य कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा। हालांकि पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि कश्मीर में आम लोगों की जिंदगी देखकर उसके विचार बदलने लगे, क्योंकि वहां की वास्तविक स्थिति उसे ट्रेनिंग कैंपों में दिखाई गई तस्वीर से बिल्कुल अलग लगी।

आतंकी जट्ट का कहना है कि पाकिस्तान के आतंकी कैंपों में उसे कश्मीर की जो तस्वीर दिखाई गई थी, जमीनी हकीकत उससे बिल्कुल अलग निकली। उसने बताया कि घाटी में आम लोगों की जिंदगी सामान्य देखकर उसके विचार बदलने लगे।

अधिकारियों के अनुसार जट्ट ने पूछताछ में बताया कि कैसे मिशन के बीच उसने हेयर ट्रांसप्लांट भी करवाया, जिसके चलते उसने अपना आतंकी मिशन कुछ समय के लिए रोक दिया था। इस हेयर ट्रांसप्लांट की प्रकिया के दौरान कई बार उसे इलाज के दौरान क्लिनिक में रात भी बितानी पड़ी। जांच एजेंसियों के अनुसार आतंकी ने भारत में फर्जी पहचान बनाकर आधार कार्ड, पैन कार्ड और पासपोर्ट हासिल करने की भी योजना बनाई थी ताकि भविष्य में वह देश छोड़कर भाग सके।

गौरतलब है कि पिछले महीने श्रीनगर पुलिस ने मोहम्मद उस्मान जट्ट उर्फ ‘चीनी’ को अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों पर जम्मू-कश्मीर के बाहर स्लीपर सेल नेटवर्क तैयार करने और आतंकी गतिविधियों को बढ़ाने का आरोप है। मामले के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन सामने आने के बाद जांच NIA को सौंप दी गई।


Content Editor

Subhash Kapoor

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News