Kathua में 2 हजार वाहनों का Registration होगा रद्द! ट्रांसपोर्ट विभाग ने दिया 2 दिन का अल्टीमेटम
Tuesday, Aug 04, 2026-05:46 PM (IST)
बनी/ कठुआ(राकेश): जिला कठुआ में परिवहन आयुक्त की अब तक सबसे बड़ी कार्रवाई में 2 हजार वाहनों के तत्काल प्रभाव से जल्द पंजीकरण रद होने जा रहे हैं। इसके लिए कठुआ के आर.टी.ओ. को दो दिन में कार्रवाई करने का आयुक्त ने समय दिया है। पंजीकरण रद किए जाने वाले वाहनों की सूची में सबसे ज्यादा व्यवसायिक वाहन हैं,जिसमें सबसे ज्यादा डंपर, ट्रक,पैसेंजर, लोड कैरियर हैं।
परिवहन आयुक्त के इस आदेश से ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप मच गया है। हालांकि जारी आदेश के बाद अगर इससे पहले वाहन मालिक फिटनेस या पासिंग करा लेते हैं तो उन पर कार्रवाई नहीं होगी। मंगलवार कठुआ दौरे पर पहुंचे परिवहन आयुक्त विशेषपाल महाजन ने कठुआ आर.टी.ओ. कार्यालय में आर.टी.ओ. सुरेंद्र कुमार की उपस्थिति में ये आदेश मीडिया के समक्ष जारी किया। उन्होंने कहा कि वाहनों के पंजीकरण रद करने या उनकी पहचान करने के लिए उनके विभाग को कोई मेहनत नहीं करने पड़ेगी, क्योंकि विभाग के पास पहले से ही पूरा डाटा आनलाइन रहता है,जिसमें किस वाहन की पासिंग या फिटनेस खत्म हो चुकी है। इसके चलते अगले दो दिन में आर.टी.ओ. को कार्रवाई करने के आदेश दे दिए गए हैं।
इसके अलावा यातायात और जिला पुलिस को भी बिना फिटनेस, पासिंग और बिना परमिट वाले वाहनों को भी चेक करके कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि ये कदम सड़क सुरक्षा के लिए अहम साबित होगा और इसी उद्देश्य को लेकर उनका विभाग कार्रवाई कर रहा है। मोटर वाहन विभाग का दायित्व बनता है कि जब भी वाहन सड़क पर चले तो राहगीर की सुरक्षा सुनिश्चित हो। उन्होंने बताया कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और लोगों की मांग को देखते हुए ही ये कार्रवाई होगी।
उन्होंने ये भी कहा कि तत्काल प्रभाव से आर.टी.ओ. कठुआ को डिफाल्ट वाहन मालिकों को लिखित में दर्ज कमियों को जल्द पूरा करें अन्यथा कार्रवाई तय है। इसके अलावा सांबा में आटोमैटिक टेस्टिंग सेंटर लगभग बन कर तैयार हो गया है,उम्मीद है कि दो या तीन दिन में शुरू हो जाएगा,जहां कठुआ जिला के वाहनों की भी फिटनेस और पासिंग वहां ही होगी,अब मैन्युअल प्रक्रिया ये पूरी तरह से बंद है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
