बिजली संकट के चलते लोगों का फूटा गुस्सा, पावर हाउस को जड़ा ताला
Thursday, May 21, 2026-11:24 AM (IST)
बिशनाह(काटल): अरनिया में लगातार बढ़ रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। क्षेत्रवासियों ने बुधवार देर शाम को बिजली विभाग के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए स्थानीय पावर हाउस पर हल्ला बोल दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व समाजसेवी व भाजपा नेता सोनू पंडित की अध्यक्षता में किया गया जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बार-बार बिजली गुल हो रही है जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों की पढ़ाई, व्यापारिक गतिविधियां और घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।
गुस्साए लोगों ने पावर हाउस पहुंचकर बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान सोनू पंडित ने कहा कि जनता अब विभाग की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। इस मौके पर लोगों ने पावर हाउस पर ताला भी जड़ दिया। वहीं मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि क्षेत्र में आ रही तकनीकी समस्याओं को जल्द दूर कर बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
