क्या आपने चखा स्वाद? RS पुरा की मशहूर 'मटका लच्छेदार कुल्फी', स्वाद ऐसा कि दूर-दूर से खिंचे चले आते हैं लोग
Monday, May 18, 2026-04:49 PM (IST)
आर.एस. पुरा ( मुकेश ) : आर.एस.पुरा में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लोगों को ठंडक पहुंचाने का काम महात्मा गांधी पार्क के नजदीक लगने वाली सुभाष चंद्र की मटका लच्छेदार कुल्फी कर रही है। स्वादिष्ट और पारंपरिक तरीके से बनाई जाने वाली इस कुल्फी को खाने के लिए दूर-दूर से लोग उनकी रेहड़ी पर पहुंच रहे हैं।
करीब 30 वर्षों से मटका कुल्फी बनाने का काम कर रहे सुभाष चंद्र ने बताया कि इस कुल्फी को तैयार करने में काफी मेहनत लगती है। वह रोज सुबह 5 बजे उठकर अपने काम में जुट जाते हैं। कुल्फी को खालिस दूध और खोया से तैयार किया जाता है, जिससे इसका स्वाद लोगों को बेहद पसंद आता है।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने यह काम शुरू किया था, तब कुल्फी की एक प्लेट मात्र 3 रुपये में मिलती थी, लेकिन समय के साथ बढ़ती महंगाई के कारण आज इसकी कीमत 50 रुपए हो गई है। बावजूद इसके, उन्होंने स्वाद और गुणवत्ता में कोई कमी नहीं आने दी। गर्मी के मौसम में लोग ठंडक और स्वाद का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई सुभाष चंद्र की मटका लच्छेदार कुल्फी का स्वाद लेकर गर्मी से राहत महसूस कर रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
