रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! 4 प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा सस्ता RO Water, रेलवे का बड़ा इंतजाम
Thursday, May 07, 2026-09:02 PM (IST)
जम्मू ( तनवीर ) : गर्मी के मौसम के आगमन से ठीक पहले, यात्रियों की सुविधा को बेहतर बनाने और स्टेशनों पर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। आज दिनांक 07 मई को आयोजित ई-नीलामी के माध्यम से मंडल के चार प्रमुख स्टेशनों— जम्मू तवी , श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, शहीद कैप्टन तुषार महाजन और कठुआ — पर वाटर वेंडिंग मशीन के संचालन का ठेका आवंटित किया गया है।
अनुबंध की मुख्य विशेषताओं पर ध्यान दें तो, रेलवे के राजस्व में वृद्धि और यात्री सेवा को सुदृढ़ करते हुए, इस अनुबंध के लिए वार्षिक लाइसेंस शुल्क ₹8,00,190/- निर्धारित किया गया है। अगले पांच वर्षों के लिए इस पूरे अनुबंध का कुल मूल्य ₹47,21,121/- है।
यात्रियों को कितना मिलेगा लाभ
यात्रियों को होने वाले लाभ पर बात करें, तो यात्रियों को बाजार में बिकने वाली बोतलों की तुलना में काफी कम कीमत पर शुद्ध पेयजल (RO Water) उपलब्ध होगा।
यात्री अपनी बोतलों को फिर से भर सकेंगे, जिससे रेलवे स्टेशनों पर सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के कचरे में कमी आएगी।
गर्मियों के दौरान पानी की भारी मांग को देखते हुए ये मशीनें यात्रियों को निर्बाध आपूर्ति प्रदान करेंगी।
इस विशेष सुविधा पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, उचित सिंघल वरिष्ठ मंडल वाणिज्य ने कहा, "कि हमारा प्राथमिक उद्देश्य यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है। गर्मियों के दौरान पानी की मांग बढ़ जाती है, जिसे देखते हुए हमने समय रहते इन मशीनों के संचालन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। यह ई-नीलामी न केवल पारदर्शिता सुनिश्चित करती है, बल्कि यह कदम यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल की गारंटी भी देता है। हम भविष्य में भी ऐसी यात्री-केंद्रित सुविधाओं को विस्तार देने के लिए प्रतिबद्ध है।"
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
