चिनाब नदी के नजदीक न जाएं लोग, NHPC ने जारी की चेतावनी

Saturday, Jun 27, 2026-10:45 AM (IST)

जम्मू डेस्क(तनवीर सिंह): चिनाब नदी के आसपास रहने वाले लोगों के लिए जरूरी सूचना जारी की गई है। जारी की गई इस सूचना के अनुसार लोगों को चिनाब नदी के नजदीक जाने से परहेज करने के लिए कहा गया है।

जानकारी के अनुसार एन.एच.पी.सी. की दुलहस्ती पावर स्टेशन, किश्तवाड़ ने अनिवार्य सिल्ट फ्लशिंग के कारण लोगों के लिए एक चेतावनी जारी की है। स्टेशन प्रशासन के अनुसार 27 जून 2026, शनिवार रात 11 बजे से 28 जून 2026, रविवार रात 8 बजे तक डुल डैम जलाशय की सिल्ट फ्लशिंग की जाएगी। इस प्रक्रिया के दौरान चिनाब नदी का जलस्तर अचानक 2 से 3 मीटर तक बढ़ सकता है।

एन.एच.पी.सी. दुलहस्ती पावर स्टेशन के ग्रुप वरिष्ठ प्रबंधक, HR ने आम जनता से अपील की है कि बांध से पानी छोड़ने से पहले बजने वाले सायरन की आवाज पर विशेष ध्यान दें। नदी तट पर लगे चेतावनी बोर्ड पर लिखे निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

वहीं इस दौरान प्रशासन ने लोगों को सलाह भी दी है। प्रशासन ने सलाह दी कि फ्लशिंग के दौरान मछली पकड़ने, रेत और लकड़ी निकालने के लिए नदी किनारे न जाएं। पुलों के अलावा कहीं से भी नदी पार करने की कोशिश न करें। अपने मवेशियों को नदी किनारे चरने के लिए न छोड़ें। इसके अलावा प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News