रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम, Jammu मंडल में पहुंचा विशेष ऑडिट दल

Wednesday, Jun 24, 2026-07:44 PM (IST)

जम्मू ( तनवीर ) :  रेल यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में आज 24 जून और कल 25 जून 2026 को दो दिवसीय अंतर-मंडलीय सुरक्षा ऑडिट का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण ऑडिट का नेतृत्व पूर्वोत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री नीरज गुप्ता द्वारा किया जाएगा। उनके साथ रेलवे के पांच प्रमुख विभागों - ट्रैफिक, सिग्नल, इलेक्ट्रिकल, इंजीनियरिंग और मैकेनिकल - के सीनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड के वरिष्ठ अधिकारी इस विशेष दल में शामिल रहेंगे। निरीक्षण के दौरान जम्मू मंडल के प्रशासनिक अधिकारी भी दल के साथ मौजूद रहेंगे।

इस ऑडिट का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर रेल संचालन से जुड़ी सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं, उपकरणों और मानकों का गहन मूल्यांकन करना, संभावित कमियों की पहचान करना तथा उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम सुनिश्चित करना है, ताकि रेलवे का "शून्य दुर्घटना" का संकल्प साकार हो सके। ऑडिट के दौरान दल द्वारा जम्मू रेलवे स्टेशन परिसर और इससे जुड़े स्टेशन यार्ड का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान प्लेटफार्मों की स्थिति, यात्रियों के आवागमन के लिए निर्मित फुट ओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय, शौचालय एवं अन्य यात्री सुविधाओं के साथ-साथ सिग्नलिंग एवं दूरसंचार प्रणाली, ट्रैक की फिटिंग, पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग की कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच की जाएगी। 

इसी क्रम में ऑडिट दल रनिंग लॉबी में भी जाएगा, जहां लोको पायलटों और गार्डों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उनकी कार्य परिस्थितियों, विश्राम सुविधाओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन तथा आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसके उपरांत ऑडिट दल द्वारा जम्मू मंडल के विभिन्न यार्डों का निरीक्षण किया जाएगा, जिसमें मालगाड़ियों के लदान-अनलोडन, वैगनों की शंटिंग, यार्ड में प्रकाश व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तथा कर्मचारियों द्वारा अपनाए जाने वाले सुरक्षा नियमों का गहन अवलोकन किया जाएगा। इसके पश्चात दल द्वारा जम्मू मंडल के अंतर्गत पड़ने वाले विभिन्न महत्वपूर्ण रेल पुलों का संरचनात्मक सुरक्षा ऑडिट भी किया जाएगा, जिसमें पुलों की मजबूती, ट्रैक फिटिंग और रखरखाव मानकों की बारीकी से जांच की जाएगी।

जम्मू मंडल में होने वाले इस ऑडिट निरीक्षण पर मंडल रेल प्रबंधक, जम्मू श्री विवेक कुमार ने बताया कि "नियमित अंतराल पर होने वाले इस प्रकार के अंतर-मंडलीय सुरक्षा ऑडिट न केवल रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करते हैं, बल्कि कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं। ऑडिट दल द्वारा निरीक्षण के उपरांत दिए जाने वाले तकनीकी सुझावों और सिफारिशों को मंडल प्रशासन द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता पर क्रियान्वित किया जाएगा, जिससे भविष्य में रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित, सुगम एवं विश्वसनीय बनाया जा सके। जम्मू मंडल यात्रियों और माल ग्राहकों को सुरक्षित एवं समयबद्ध सेवा प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।"

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News