Samba में कुएं की सफाई के दौरान मिली हैरान करने वाली वस्तु, मचा हड़कंप
Thursday, Jul 02, 2026-07:34 PM (IST)
सांबा (अजय) : जिला सांबा के नड ब्लॉक स्थित सताह शिव मंदिर के समीप एक पुराने कुएं की सफाई के दौरान जंग लगा मोर्टार शैल मिलने से क्षेत्र में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, स्थानीय युवा कुएं की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें कुएं के अंदर एक संदिग्ध धातु की वस्तु दिखाई दी। बाहर निकालने पर वह पुराना जंग लगा मोर्टार शैल निकला। युवाओं ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत इसकी सूचना सांबा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सांबा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए बम निरोधक दस्ते को बुलाया। टीम ने मोर्टार शैल को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर ले जाकर सफलतापूर्वक निष्क्रिय (डिफ्यूज) कर दिया। इस दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान की सूचना नहीं है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध या विस्फोटक जैसी वस्तु दिखाई दे तो उसे हाथ न लगाएं और तुरंत पुलिस या संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
