Samba : बम के धमाकों से गूंजा इलाका, 3 शैल मिलने से हड़कंप, सहमे लोग
Thursday, Sep 24, 2026-04:24 PM (IST)
सांबा (अजय) : जिला सांबा के नड ब्लॉक के पलथ सताह गांव में वीरवार को निर्माण कार्य के लिए चल रही खुदाई के दौरान तीन संदिग्ध शैल मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शैल मिलने की सूचना मिलते ही मजदूरों ने तुरंत काम रोक दिया और स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित करते हुए बम डिस्पोजल स्क्वाड को बुलाया गया। बम डिस्पोजल स्क्वाड ने मौके पर पहुंचकर तीनों शैलों को अपने कब्जे में लिया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उन्हें डिफ्यूज कर दिया। शैलों को डिफ्यूज किए जाने के दौरान हुए जोरदार धमाके से आसपास का इलाका दहल उठा।
पहले भी मिल चुके हैं मोर्टार शैल
स्थानीय लोगों के अनुसार, पलथ सताह और इसके आसपास के क्षेत्र में इससे पहले भी तीन मोर्टार शैल बरामद हो चुके हैं। एक ही क्षेत्र में बार-बार पुराने विस्फोटक मिलने से सुरक्षा एजेंसियां भी मामले को गंभीरता से ले रही हैं।
सुरक्षा एजेंसियां जुटीं जांच में
पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद किए गए शैल कितने पुराने हैं और वे वहां तक कैसे पहुंचे। साथ ही आसपास के क्षेत्र में और कोई संदिग्ध विस्फोटक तो मौजूद नहीं है, इसे लेकर भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि खुदाई अथवा अन्य निर्माण कार्य के दौरान यदि कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक दिखाई दे तो उसे छूने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
