Jammu में फिर गोलीकांड, रेशमघर कॉलोनी में युवक की हत्या से हड़कंप
Thursday, Sep 17, 2026-03:47 PM (IST)
जम्मू ( तनवीर सिंह ) : जम्मू में एक बार फिर गोलीकांड की घटना सामने आई है। रेशमघर कॉलोनी में शिव मंदिर के पास 38 वर्षीय युवक दीपक शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दीपक शर्मा अपने परिवार के साथ रेशमघर कॉलोनी में रहता था। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक युवक उससे मिलने के लिए उसके घर आया था। कुछ देर बाद दीपक शर्मा को गोली लगने की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दीपक को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज (GMC) बक्शी नगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दीपक शर्मा की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। वहीं, पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दीपक शर्मा से मिलने उसके घर कौन आया था और गोली चलाने के पीछे क्या वजह थी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध की पहचान की जा सके और घटना की पूरी कड़ी सामने आ सके।

वहीं, जम्मू वेस्ट के विधायक अरविंद गुप्ता भी दीपक शर्मा के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर इस दुख की घड़ी में उनके प्रति संवेदना व्यक्त की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
