Birthday Party दौरान बड़ी वारदात, गुस्साए दोस्त ने युवक की कर दी हत्या

Friday, Sep 18, 2026-12:16 PM (IST)

जम्मू(तनवीर सिंह): जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में क्राइम लगातार बढ़ रहा है। पहले एक खबर आई थी कि लड़की ने जहर खा लिया, फिर दूसरी खबर आई कि जम्मू में गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई और अब देर रात को तीसरी खबर आई कि बर्थडे पार्टी में दोस्त ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार जिला जम्मू के जानीपुर थाने के अधीन आते जानीपुर में देर रात को बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान केक काटने पर युवक ने एक युवक को किरच मार कर घायल कर दिया। इस दौरान जब उसे जम्मू के बक्शी नगर मेडिकल कॉलेज में लाया गया तो उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद घर वालों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है। वहीं पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जानीपुर थाने में मामला दर्ज किया है और कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार 17 सितंबर को रात लगभग रात 9 बजे पुलिस पोस्ट जी.एम.सी. जम्मू ने पुलिस स्टेशन जानीपुर को सूचित किया कि पवन नायर उर्फ समीर नामक एक व्यक्ति को उसके दोस्तों जॉन सोत्रा, गौरव सिंह और सुगंध भट्टी द्वारा घायल अवस्था में जी.एम.सी. जम्मू लाया गया था, जहां उपस्थित डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस स्टेशन जानीपुर की एक टीम जी.एम.सी. जम्मू पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्राथमिक जांच से पता चला कि नीरज उर्फ अंशु लोअर रूपनगर के पास सड़क किनारे अपना जन्मदिन मना रहा था। बर्थडे पार्टी में उसके दोस्त जॉन सोत्रा, गौरव सिंह, सुगंध भट्टी और पवन नायर उर्फ समीर मौजूद थे। नीरज के साथ उसका भाई रिशु भी था। केक काटते समय, मृतक पवन नायर उर्फ समीर ने नीरज के चेहरे पर केक लगा दिया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। जब जॉन, गौरव और सुगंध ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की तो नीरज गुस्से में आ गया। उसने अपने पास रखी एक 'खुकरी' निकाली और पवन नायर उर्फ समीर की गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई।

घायल अवस्था में मौके पर मौजूद उसके दोस्तों द्वारा समीर को तुरंत जी.एम.सी. जम्मू ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस स्टेशन जानीपुर में बी.एन.एस. की धारा 103(1) के तहत एफ.आई.आर. दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों नीरज उर्फ अंशु और उसके भाई रिशु को पकड़ लिया गया है और वे वर्तमान में पुलिस स्टेशन जानीपुर की हिरासत में हैं।

इस अपराध में इस्तेमाल हथियार (खुकरी) भी बरामद किया जा रहा है। आगे की जांच जारी है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया गया है। जम्मू पुलिस कानून के अनुसार आरोपियों के खिलाफ सख्त और समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन देती है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

 


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News