Mata Vaishno Devi जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत! अब... Katra तक मिलेगी सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी, Punjab के स्टेशनों पर भी ठहराव
Sunday, Oct 18, 2026-02:02 PM (IST)
जम्मू ( तनवीर ) : भारतीय रेलवे ने यात्रियों और श्रद्धालुओं के हित में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। रेल मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 19223/19224 साबरमती बीजी-जम्मू तवी एक्सप्रेस को अब श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा तक विस्तार देने की स्वीकृति दे दी है।
यह विस्तार 18 अक्टूबर 2026 से साबरमती से और 20 अक्टूबर 2026 से कटड़ा से प्रभावी होगा। इस निर्णय से हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा, जिसमें गुजरात से वैष्णो देवी तक सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी मिलेगी। विस्तार के बाद गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब से आने वाले माता वैष्णो देवी के लाखों श्रद्धालुओं को बिना ट्रांसशिपमेंट के सीधे कटड़ा तक पहुँचने की सुविधा मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण निर्णय के साथ ही यात्रियों को सुविधाएं प्रदान करते हुए, ट्रेन संख्या 19223/19224 का सांबा, बड़ी ब्राह्मण और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव को मंजूरी प्रदान की गई हैं।
इस ठहराव से इन क्षेत्रों के स्थानीय लोगों, छात्रों, व्यापारियों और सैन्य कर्मियों को लंबी दूरी की सीधी ट्रेन की सुविधा मिलेगी। बड़ी ब्राह्मण औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए यह विशेष रूप से लाभकारी होगा।
पर्यटन और अर्थव्यवस्था के तहत
दैनिक चलने वाली यह ट्रेन साबरमती, बठिंडा, फिरोजपुर, जालंधर, पठानकोट होते हुए कटड़ा को जोड़ेगी, जिससे धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ व्यापार और रोजगार को भी गति मिलेगी।
ट्रेन के समय-सारणी पर बात करें, तो
ट्रेन 19223 साबरमती से सुबह 10:25 बजे चलकर दूसरे दिन जम्मू तवी 15:35 बजे और कटड़ा 18:55 बजे पहुंचेगी। वापसी में 19224 कटड़ा से सुबह 04:50 बजे चलकर जम्मू तवी 07:40 बजे पहुंचेगी, जो आगे की यात्रा के लिए सुविधाजनक है।
जम्मू मंडल सभी यात्रियों से अपील करता है, कि वे इस विस्तारित सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, ट्रेन की विस्तृत जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट व NTES से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
