J&K पुलिस का ड्रग नेटवर्क पर शिकंजा: हिमाचल-पंजाब तक फैले नेटवर्क का भंडाफोड़
Thursday, Feb 05, 2026-09:23 PM (IST)
जम्मू (तनवीर सिंह): जम्मू के एसपी साउथ ने पुलिस स्टेशन बाहु फोर्ट में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नशे के खिलाफ चल रही बड़ी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जम्मू पुलिस साउथ ज़ोन ने राजीव नगर, बाहु फोर्ट और बाग-ए-बाहु इलाकों में सक्रिय ड्रग तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए हैं।
एसपी साउथ ने कहा कि वर्ष 2025 से अब तक की गई कार्रवाई में एनडीपीएस एक्ट के तहत 27 एफआईआर दर्ज, 41 आरोपियों की गिरफ्तारी, 1 किलो 238 ग्राम हेरोइन और 18 किलो गांजा बरामद किया गया है। इसके अलावा, ड्रग तस्करों के 11 मकान ध्वस्त किए गए, 3 बैंक खाते फ्रीज किए गए, एक वाहन अटैच किया गया और करीब 25 लाख रुपये की अवैध कमाई जब्त की गई है।

हाल ही में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस थाना बाहु फोर्ट ने एक आदतन नशा तस्कर पाल सिंह को गिरफ्तार किया और उसके पास से 265 ग्राम हेरोइन बरामद की। जांच में सामने आया कि नशे की कमाई से प्रॉपर्टी सौदे किए जा रहे थे। इस मामले में पुलिस ने 21 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं, जिन्हें नशे की कमाई बताया गया है।
वहीं, पुलिस थाना बाग-ए-बाहु ने 14 जनवरी 2026 को नाका जांच के दौरान अरुण सिंह उर्फ काना को गिरफ्तार किया और उसके पास से हेरोइन तथा इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया। जांच में कई संदिग्ध बैंक खातों का खुलासा हुआ, जिनमें लाखों और करोड़ों रुपये के लेन-देन पाए गए हैं। इन खातों के तार हिमाचल प्रदेश और पंजाब से भी जुड़े मिले हैं।
एसपी साउथ ने दोहराया कि जम्मू पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। ड्रग तस्करों के आगे-पीछे के लिंक और उनकी आर्थिक कमर तोड़ने के लिए जांच लगातार जारी है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें। जम्मू पुलिस का साफ संदेश है: नशे के खिलाफ जंग जनता और पुलिस मिलकर ही जीत सकते हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
