Jammu Kashmir : उरी में LOC के पास हुआ Blast, इलाज दौरान 2 जवानों ने तोड़ा दम
Wednesday, Jun 10, 2026-10:27 AM (IST)
बारामूला(रिजवान मीर): उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर के कमलकोट क्षेत्र में नियंत्रण रेखा (LoC) के निकट मंगलवार शाम हुए एक आकस्मिक विस्फोट में भारतीय सेना के दो जवानों की मृत्यु हो गई।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, विस्फोट में दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तत्काल बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद दोनों जवानों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक जवानों की पहचान महाराष्ट्र के ऐरोली निवासी चव्हाण विक्रम बालकृष्ण तथा महाराष्ट्र के सतारा जिले की कराड तहसील के शाहपुर निवासी अर्जुन जाधव राजेंद्र के रूप में हुई है।
सूत्रों ने बताया कि यह विस्फोट नियंत्रण रेखा के निकट अग्रिम क्षेत्र में आकस्मिक परिस्थितियों में हुआ। घटना का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है ताकि विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा सके। इस दुखद घटना से सेना और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
