पाकिस्तान में युवा एक्टिविस्ट हसनैन रज़ा गिरफ्तार, गिलगित-बाल्टिस्तान में बढ़ा तनाव
Thursday, Jun 18, 2026-08:11 PM (IST)
जम्मू डैस्क : पाकिस्तान के कब्जे वाले गिलगित-बाल्टिस्तान के स्कर्दू क्षेत्र से एक अहम खबर सामने आई है। सामाजिक और युवा अधिकारों के लिए आवाज़ उठाने वाले युवा कार्यकर्ता हसनैन रज़ा को स्थानीय प्रशासन ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में मानवाधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, हसनैन रज़ा लंबे समय से गिलगित-बाल्टिस्तान में स्थानीय लोगों के अधिकारों, लोकतांत्रिक स्वतंत्रता और कथित सरकारी दमन के खिलाफ खुलकर अपनी राय रखते रहे हैं। सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर वह पाकिस्तान सरकार की नीतियों और सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई की आलोचना करते रहे हैं। बताया जा रहा है कि हसनैन रज़ा विशेष रूप से उन मुद्दों को उठाते रहे हैं, जिनमें स्थानीय लोगों के अधिकार, राजनीतिक स्वतंत्रता और कथित मानवाधिकार उल्लंघन शामिल हैं। इसी कारण वे क्षेत्र में युवाओं के बीच एक चर्चित चेहरा बन गए थे।
हालांकि, उनकी गिरफ्तारी को लेकर पाकिस्तान की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। लेकिन बताया जा रहा है कि उन्हें सरकार की आलोचना करने और कथित दमन के खिलाफ आवाज़ उठाने के कारण हिरासत में लिया गया है। इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
