J&K: करोड़ों की लागत से बने इस प्रोजेक्ट की हालत जर्जर, लोगों की प्रशासन से अपील

Thursday, Feb 26, 2026-08:06 PM (IST)

आर.एस.पुरा (मुकेश): पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जम्मू के समीप भोर कैंप क्षेत्र में वर्ष 2021 में 6.52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया बाग-ए-भोर पार्क आज बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। कभी क्षेत्रवासियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा यह पार्क अगस्त 2025 में आई भीषण बाढ़ के बाद से पूरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ा है। हैरानी की बात यह है कि इतने महीनों बाद भी इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।

PunjabKesari

इस पार्क का उद्घाटन देश के गृहमंत्री अमित शाह द्वारा किया गया था। उद्घाटन के बाद यह पार्क लोगों के लिए पिकनिक स्पॉट और बच्चों के मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बन गया था। म्यूजिकल फाउंटेन, हरियाली और बच्चों के झूले इसकी पहचान थे, लेकिन आज हालात इसके बिल्कुल विपरीत हैं। म्यूजिकल फाउंटेन कचरे और मलबे में दब चुके हैं, झूले टूट-फूट का शिकार हैं और पार्क का अधिकांश हिस्सा खंडहर जैसा दिखाई देता है।

PunjabKesari

स्थानीय निवासी संचित शर्मा, सतपाल मांडी सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के बाद से अब तक न तो किसी प्रकार का मरम्मत कार्य शुरू हुआ है और न ही सरकार या प्रशासन की ओर से कोई फंड जारी किया गया है। उनका कहना है कि इस पार्क को बड़ी उम्मीदों के साथ बनाया गया था, ताकि स्थानीय लोग और जम्मू-कश्मीर आने वाले पर्यटक यहां समय बिता सकें, लेकिन आज यह स्थान निराशा का कारण बन गया है।

PunjabKesari

ग्रामीणों में इस स्थिति को लेकर गहरा रोष है। लोगों का कहना है कि यदि सरकार पार्क का पूरी तरह पुनर्निर्माण नहीं कर सकती, तो कम से कम इसे बच्चों के लिए एक सुरक्षित प्लेग्राउंड के रूप में ही विकसित किया जाए, ताकि यह जगह किसी काम आ सके।

PunjabKesari

स्थानीय नेता ओम प्रकाश खाजूरिया ने पार्क की दुर्दशा पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बाग-ए-भोर पार्क कभी बेहद खूबसूरत हुआ करता था और यहां दूर-दूर से लोग आते थे। उन्होंने बताया कि पर्यटक आज भी जम्मू-कश्मीर का नक्शा देखकर इस पार्क तक पहुंचते हैं, लेकिन पार्क की जर्जर हालत देखकर उन्हें भारी निराशा हाथ लगती है।

PunjabKesari

खाजूरिया ने जम्मू-कश्मीर सरकार और संबंधित विभागों से मांग की कि बाग-ए-भोर पार्क की बदहाली पर तुरंत ध्यान दिया जाए और आवश्यक बजट जारी कर इसे दोबारा विकसित किया जाए, ताकि यह पार्क एक बार फिर लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके।

PunjabKesari

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News