आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बलों का Action, 1,000 OGWs लिए हिरासत में
Wednesday, Jul 22, 2026-07:59 PM (IST)
श्रीनगर ( मीर आफताब ) : दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में एक पुलिसकर्मी की आतंकी हमले में मौत के बाद सुरक्षा बलों ने कश्मीर घाटी से 1,000 से ज़्यादा 'ओवर ग्राउंड वर्कर्स' (OGWs) को हिरासत में लिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमले के बाद सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर पूरी घाटी में छापेमारी की। उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान 1,000 से ज़्यादा OGWs को हिरासत में लिया गया है, साथ ही अनंतनाग जिले समेत कई जगहों पर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।
अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन की आज दोपहर करीब 12:30 बजे अनंतनाग के लाल चौक पर एक आतंकवादी ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमले के बाद, सुरक्षा बलों ने हमलावर का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया और पूरे अनंतनाग शहर की घेराबंदी कर दी।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हमले की निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण हरकत बताया और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात और IGP कश्मीर वीके बिरदी ने खुद घटनास्थल का दौरा किया और सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
