Rajouri में गिरफ्तार 3 OGW से पूछताछ में बड़े खुलासे, हथियार और गोला-बारूद बरामद
Friday, Sep 18, 2026-11:31 AM (IST)
राजौरी(शिवम बक्शी): पीर पंजाल क्षेत्र में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजौरी पुलिस ने सोमवार को लश्कर-ए-तैयबा से कथित रूप से जुड़े ओवर ग्राऊंड वर्करों के मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों की निशानदेही पर वीरवार को पुलिस ने हथियार और गोला-बारूद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार को राजौरी पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 3 OGW को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जकीर हुसैन पुत्र गुलाम हुसैन निवासी कोटचरवाल, त्रियाठ राजौरी, मोहम्मद आजम पुत्र अली बहादुर निवासी कोटचरवाल, त्रियाठ राजौरी और मोहम्मद मुश्ताक पुत्र मोहम्मद इकबाल निवासी औधन, राजौरी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी पीर पंजाल क्षेत्र में सक्रिय एक आतंकी मॉड्यूल की जांच के दौरान की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आतंकियों को रसद संबंधी सहायता, सुरक्षित आवाजाही तथा जमीनी स्तर पर अन्य प्रकार की मदद उपलब्ध कराते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर आतंकियों के लिए गाइड के रूप में काम करते हुए उन्हें कश्मीर घाटी की ओर ले जाने में मदद भी की थी।
आरोपियों की निशानदेही पर हथियार बरामद
जांच के दौरान वीरवार को आरोपियों की निशानदेही पर एक पिस्तौल, एक मैगजीन, गोलियां और दो चीनी ग्रेनेड बरामद किए गए। पुलिस द्वारा बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री के स्रोत तथा आतंकी मॉड्यूल में इनके संभावित इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है। जांच एजेंसियां आतंकी मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के साथ-साथ पूरे नेटवर्क और आरोपियों की कथित भूमिका के अन्य पहलुओं का पता लगाने में जुटी हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
