खतरे की घंटी? कश्मीर में बढ़ती गर्मी से किसानों-बागवानों की बढ़ी चिंता, आने वाले दिनों में बर्फबारी की आशंका

Friday, Mar 06, 2026-04:19 PM (IST)

श्रीनगर (मीर आफ़ताब): कश्मीर घाटी में इन दिनों दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। बढ़ते तापमान का असर अब खेतों और बाग-बगीचों में भी दिखने लगा है। कई जगहों पर पेड़ों में समय से पहले फूल खिल गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में यह बदलाव आगे चलकर किसानों और बागवानों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।

जानकारों के मुताबिक, इस साल कश्मीर घाटी के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बहुत कम बर्फबारी हुई है। जो बर्फबारी हुई भी, वह सामान्य से काफी कम रही। इसके कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर डिवीजन में सबसे अधिक तापमान श्रीनगर में दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर की गर्मियों की राजधानी श्रीनगर में अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 11.7 डिग्री ज्यादा है। वहीं जम्मू में तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 8.1 डिग्री अधिक है।

विभाग के मुताबिक, केंद्र शासित प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2 से 7 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया गया। कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बनिहाल में यह 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि अब होने वाली बर्फबारी से वह फायदा नहीं होगा, जो दिसंबर या जनवरी में होने वाली बर्फबारी से मिलता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News