कोहरा हो या बर्फबारी... अब कश्मीर में नहीं थमेगी ''Vande Bharat''! रेलवे के ''स्पेशल विंटर एडिशन'' की जानें खूबियां

Friday, Apr 24, 2026-05:40 PM (IST)

जम्मू ( तनवीर ) :  भारतीय रेलवे ने जम्मू-कश्मीर की चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों और अत्यधिक ठंड को देखते हुए, विशेष रूप से डिजाइन की गई 'वंदे भारत' ट्रेन  जम्मू - श्रीनगर रेल खंड के लिए पेश की है। यह ट्रेन न केवल अपनी सिग्नेचर सेमी-हाई-स्पीड गति को बरकरार रखती है, बल्कि इसमें पहली बार ऐसी 'विंटराइजेशन' (शीतकालीन) तकनीक का उपयोग किया गया है जो इसे शून्य से नीचे के तापमान में भी सुचारू रूप से चलाने में सक्षम बनाती है।

सर्दियों के लिए विशेष हीटिंग नवाचार

जम्मू-कश्मीर के बर्फीले मौसम को देखते हुए इस वंदे भारत एक्सप्रेस में कई अत्याधुनिक हीटिंग सिस्टम जोड़े गए हैं।  भारतीय रेलवे में पहली बार, पानी की पाइपलाइनों को जमने से बचाने के लिए 'सेल्फ-रेगुलेटिंग हीटिंग केबल' का उपयोग किया गया है। ये केबल बाहरी तापमान के अनुसार अपनी गर्मी को घटा या बढ़ा सकते हैं।

 पानी के टैंकों में 1800W के सिलिकॉन हीटिंग पैड लगाए गए हैं। साथ ही, बायो-टैंकों और सहायक टैंकों में भी विशेष हीटिंग व्यवस्था की गई है ताकि स्वच्छता प्रणाली प्रभावित न हो।

 यात्रियों की सुविधा के लिए, मुख्य एयर कंडीशनिंग  यूनिट से विशेष डक्ट्स के जरिए शौचालयों तक गर्म हवा पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। भारतीय शैली के शौचालयों में हीटर और थर्मल इंसुलेशन लगाया गया है ताकि वैक्यूम निकासी प्रणाली काम करती रहे।

ट्रेन के खड़े होने (स्टेब्लिंग) के दौरान पाइपों में पानी जमा होकर जम न जाए, इसके लिए 'वॉटर ड्रेनिंग' की सुविधा दी गई है, जिससे सारा पानी सुरक्षित रूप से निकाला जा सकता है।

ड्राइवर के सामने वाले मुख्य शीशे में 'एम्बेडेड हीटिंग एलिमेंट' लगाया गया है। यह तकनीक कोहरे और बर्फबारी के दौरान शीशे को धुंधला होने से बचाएगी, जिससे ड्राइवर को स्पष्ट दृश्यता मिलेगी। भारतीय रेलवे में यह अपनी तरह का पहला प्रयोग है।

 एयर ब्रेक सिस्टम को सही तरीके से काम करने के लिए एयर ड्रायर सिस्टम में भी हीटर लगाए गए हैं।

 पटरियों के पत्थरों (बैलास्ट) से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए पानी के टैंक के पास लगे न्यूमैटिक वाल्वों को स्टेनलेस स्टील कवर से सुरक्षित किया गया है।

वंदे भारत की मुख्य विशेषताओं

यह ट्रेन वंदे भारत की अन्य सुविधाओं से भी लैस है।

गति: 160 किमी प्रति घंटे की परिचालन गति।

आराम: पूरी तरह से वातानुकूलित 8-कोच वाली ट्रेन, स्वचालित प्लग दरवाजे और एलईडी लाइटिंग।

सुरक्षा: सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और ऊर्जा बचाने वाली पुनर्योजी ब्रेकिंग प्रणाली।

यह विशेष वंदे भारत एक्सप्रेस स्वदेशी इंजीनियरिंग का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जो जम्मू-कश्मीर के दुर्गम मौसम में यात्रियों को सुरक्षित, तेज और आरामदायक सफर का अनुभव कराएगी।

इस आधुनिक वन्दे भारत पर टिप्पणी करते हुए, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, श्री उचित सिंघल ने कहा, "कि जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में इस विशेष वंदे भारत का संचालन यात्रियों और स्थानीय निवासियों की पुरानी मांग को पूरा करता है। हमारा उद्देश्य न केवल तेज यात्रा प्रदान करना है, बल्कि घाटी की कड़ाके की ठंड में भी 'ऑल-वेदर' कनेक्टिविटी (हर मौसम में संपर्क) सुनिश्चित करना है। यह ट्रेन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं और कश्मीर घाटी के बीच एक मजबूत और भरोसेमंद सेतु का काम करेगी।"

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News