Rajouri : जेल के अंदर बेकाबू हुए कैदी, 2 गुटों की भिड़ंत से फैली अफरा-तफरी

Sunday, Mar 08, 2026-01:20 PM (IST)

राजौरी (शिवम) :  राजौरी जिले के ढांगरी क्षेत्र में स्थित जिला जेल में एक बार फिर विवादों में आ गई है। शनिवार देर शाम जेल के अंदर कैदियों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प से जेल परिसर में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों गुटों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई और पत्थरबाजी में बदल गई। इस दौरान कुछ कैदियों ने जेल की सुरक्षा में तैनात जवानों की आंखों में मिर्च पाउडर तक फेंक दिया, जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई।

सूत्रों के मुताबिक यह घटना उस समय हुई जब जेल के अंदर किसी मुद्दे को लेकर कैदियों के दो गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि एक कैदियों के समूह में कुछ ऐसे लोग भी शामिल थे जिन्हें पहले आतंकवाद से जुड़े मामलों में गिरफ्तार किया गया था। शुरुआती बहस धीरे-धीरे बढ़ती गई और दोनों गुटों के बीच झड़प शुरू हो गई।

कुछ ही समय में यह झड़प हिंसक रूप ले बैठी और कैदियों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। जेल परिसर के अंदर अचानक शुरू हुई इस घटना से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि कैदियों के एक समूह ने मिर्च पाउडर सुरक्षा में तैनात जवानों की आंखों में फेंक दिया, जिससे जवानों को कुछ समय के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हलचल मच गई। तत्काल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और जेल स्टाफ ने मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और कैदियों को अलग-अलग कर उनकी बैरकों में बंद कर दिया।

अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद कुछ ही समय में स्थिति पर काबू पा लिया गया और जेल के अंदर शांति बहाल कर दी गई। हालांकि घटना के दौरान कुछ कैदियों और सुरक्षा कर्मियों को हल्की चोटें आई होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

गौरतलब है कि जिला जेल राजौरी पहले भी कई बार विवादों के कारण चर्चा में रही है। इससे पहले भी जेल के अंदर से मोबाइल फोन, नशीले पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में शनिवार को हुई यह घटना जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर रही है।

पुलिस और जेल प्रशासन ने फिलहाल पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार घटना के बाद जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। कैदियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और जेल परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच कर रहे हैं, जबकि उच्च अधिकारी भी जेल परिसर में पहुंचकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News