Rajouri Flood Ground Report : जिले में मची तबाही की DC ने दी पूरी Update
Tuesday, Jul 21, 2026-06:01 PM (IST)
राजौरी(शिवम/ बक्शी) : जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और नदियों-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन राजौरी ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों के लिए विशेष एहतियाती एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन पूरी सतर्कता बरतें और जरूरत पड़ने पर तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं।
जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी में सी.ई.ओ. ऑफिस के आसपास का क्षेत्र, नबन मोहल्ला (नदी किनारे बने मकान), तारिक पुल क्षेत्र, MLA हाउस कॉलोनी, नौशेरा कस्बे के निचले इलाके, बेला क्षेत्र सहित किनारे बसे अन्य क्षेत्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांग व्यक्तियों को पहले सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं। इसके अलावा जरूरी दवाइयां, पीने का पानी, सूखा राशन, महत्वपूर्ण दस्तावेज और मोबाइल फोन चार्ज करके तैयार रखने को कहा गया है।
4 लापता व्यक्तियों में से 3 शव बरामद, एक अभी भी लापता
डी.सी. राजौरी ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि बाढ़ की स्थिति के बीच अब तक चार लोगों के लापता होने की रिपोर्ट मिली थी, जिनमें से तीन के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है।
डी.सी. ने कहा कि जिला प्रशासन सभी प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। किसी भी प्रकार की सहायता या मुआवजा अनमोल जिंदगियों के नुकसान की भरपाई नहीं कर सकता। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उन्हें तत्काल राहत उपलब्ध करवा दी गई है। मुख्यमंत्री द्वारा घोषित अनुग्रह राशि (एक्स-ग्रेशिया राहत) भी जैसे ही प्रशासन को प्राप्त होगी, उसे तुरंत प्रभावित परिवारों तक पहुंचाया जाएगा।
230 लोगों को किया गया सफलतापूर्वक रेस्क्यू
डी.सी. राजौरी ने बताया कि राहत और बचाव अभियान में जिला पुलिस, एन.डी.आर.एफ. और भारतीय सेना लगातार जुटी हुई है। अब तक करीब 230 लोगों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि लगभग 450 लोगों को राहत केंद्रों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह से प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
15 राहत केंद्र स्थापित, प्रभावितों को दी जा रही हर सुविधा
डी.सी. राजौरी ने बताया कि जिले में अब तक 15 राहत केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जहां प्रभावित लोगों को रहने, खाने-पीने और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लगता है कि उसका घर नदी, नाले या दरिया के पास है और वहां खतरा है तो वह तुरंत प्रशासन से संपर्क करे।
अगले 2-3 दिन मौसम को लेकर अलर्ट
डी.सी. राजौरी ने बताया कि मौसम विभाग की ओर से अगले दो से तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की एडवाइजरी जारी की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नदी-नालों, पुलों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एक छोटा आपातकालीन बैग तैयार रखें, जिसमें दवाइयां, टॉर्च, जरूरी दस्तावेज और अन्य आवश्यक सामान सुरक्षित रखा जाए।
बिजली और पानी सेवाओं की बहाली युद्ध स्तर पर जारी
डी.सी. राजौरी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं की बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति को बहाल करने और पेयजल सेवाओं को सुचारु करने के लिए संबंधित विभाग लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई फीडर्स पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि बाकी प्रभावित फीडर्स पर कार्य जारी है। अगर मौसम ने थोड़ा साथ दिया तो जल्द ही जिले में बिजली आपूर्ति को पूरी तरह से बहाल कर दिया जाएगा।
डी.सी. राजौरी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों तक बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं जल्द से जल्द पहुंचाना है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल सेवाओं की बहाली के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि राहत और बहाली कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नुकसान का सर्वे जारी, प्रभावितों को मिलेगा मुआवजा
डी.सी. राजौरी ने बताया कि बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जिन लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचा है या अन्य आर्थिक नुकसान हुआ है, उन्हें नियमों के अनुसार जल्द मुआवजा दिया जाएगा।
करीब 100 वाहनों को नुकसान, 16 ढांचे प्रभावित
डी.सी. राजौरी ने बताया कि बाढ़ के कारण करीब 100 वाहनों को नुकसान पहुंचा है। इनमें से लगभग 50 वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि 50 वाहनों को अचानक आई बाढ़ बहा कर ले गई। इनमें ट्रक, पैसेंजर और निजी वाहन शामिल हैं। वाहनों के नुकसान का सर्वे ए.आर.टी.ओ. राजौरी आशिक रफीक मलिक की देखरेख में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 16 स्ट्रक्चर प्रभावित हुए हैं, जिनमें एक स्कूल को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि तीन अन्य स्कूल के भवनों में दरारें आई हैं। इसके अलावा एक पंचायत घर को नुकसान पहुंचा है और नगर पालिका बस स्टैंड पूरी तरह तबाह हो गया है।
स्कूल बंद रहेंगे, होगा सेफ्टी ऑडिट
डी.सी. राजौरी ने कहा कि जब तक मौसम विभाग की एडवाइजरी जारी है, तब तक स्कूल बंद रहेंगे। इसके बाद सभी सरकारी और निजी स्कूलों का सेफ्टी ऑडिट किया जाएगा और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद ही स्कूल खोलने का फैसला लिया जाएगा।
प्रभावित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति के लिए टैंकर रोस्टर जारी
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत केंद्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन राजौरी ने पानी के टैंकरों का रोस्टर जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जरूरत पड़ने पर रोस्टर में दिए गए ड्राइवरों, सुपरवाइजरों और संपर्क अधिकारियों से सहायता प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि जिला आपातकालीन संचालन केंद्र राजौरी 24 घंटे कार्यरत हैI जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और केवल प्रशासन, पुलिस तथा सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और जरूरत पड़ने पर प्रशासन के साथ संपर्क करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
