J&K: करोड़ों की संपत्ति जब्त! ड्रग तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Friday, Feb 13, 2026-02:34 PM (IST)

कुलगाम (मीर आफ़ताब): ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुलगाम पुलिस ने एक आरोपी की करीब ₹1.5 करोड़ की अचल संपत्ति अटैच कर दी है। यह कार्रवाई मणिगाम गांव में की गई, जहां 6 दुकानें, 5 गोदाम, एक टिन शेड और एक चबूतरा जब्त किया गया।

पुलिस के अनुसार, यह संपत्ति मोहम्मद अशरफ खांडे, पुत्र गुलाम अहमद खांडे, निवासी निपोरा, कुलगाम की है। आरोपी काजीगुंड थाना क्षेत्र का रहने वाला है और पहले से ही एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत दर्ज एक मामले में शामिल है।

जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद की गई। जांच में सामने आया कि यह संपत्ति ड्रग तस्करी से कमाए गए गैर-कानूनी धन से बनाई गई थी और सीधे तौर पर नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़ी हुई थी। आरोपी के खिलाफ थाना काजीगुंड में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत एफआईआर नंबर 196/2024 दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि अटैच की गई संपत्ति की बाजार कीमत करीब ₹1.5 करोड़ है। यह कदम ड्रग तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने के लिए उठाया गया है, ताकि स्पष्ट संदेश दिया जा सके कि अपराध से कमाया गया धन सुरक्षित नहीं है।

कुलगाम पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति ड्रग्स की खरीद-फरोख्त, फंडिंग, अपराधियों को शरण देने या किसी भी तरह से नशीले पदार्थों के कारोबार को बढ़ावा देने में शामिल पाया गया, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें संपत्ति जब्ती, आर्थिक जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई शामिल होगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी साझा करें और युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने में मदद करें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News