Poonch में धू-धू कर जल रहा जंगल, जान बचाने के लिए भाग रहे जानवर
Tuesday, Jun 02, 2026-05:31 PM (IST)
पुंछ(धनुज शर्मा): जिले के उपमंडल मेंढर स्थित दबराज क्षेत्र में जंगल में लगी आग से हरा सोना धू-धू कर जल रहा है। वहीं आग के कारण जंगलो में रहने वाले प्राणी सुरक्षित स्थानों की तरफ भागने को मजबूर हो गए हैं। इसी बीच विभागीय अमला दिन रात एक कर जंगलो में लगी आग को बुझाने के युद्धस्तर पर प्रयास कर रहा है। कई स्थानों पर स्थानीय निवासी भी अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं जबकि सूखी घास एवं लकड़ी होने के कारण आग पर काबू पाने में दस्ते को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
गौरतलब है कि हर वर्ष इस सीज़न में अकसर जंगलो में आग लग जाती है जो कई बार भयंकर रूप धारण कर लेती है और आग के कारण जहां वन संपदा को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं कई जंगली जानवर और पक्षियों के बच्चे तथा अंडे आग की भेंट चढ़ जाते हैं। जंगलो में लगी आग को लेकर जहां विभागीय दस्ता तत्परता से आग बुझाने में जुटा है, वहीं क्षेत्र में तैनात सुरक्षाबल के जवान भी मुस्तैदी बरत रहे हैं।
गौरतलब है कि आग के कारण नियंत्रण रेखा के क़रीब वाले इलाकों में सुरक्षाबलों द्वारा सुरक्षा हेतु लगाई गई बारूदी सुरंगें भी फट जाती हैं जिसे लेकर सुरक्षाबलों द्वारा पूरी तरह चौकसी बरती जा रही है और स्थिति पर पूरी नज़र रखी जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
