वाहन चालक दें ध्यान! Poonch में ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए पुलिस ने संभाला मोर्चा
Sunday, Oct 18, 2026-04:42 PM (IST)
पुंछ ( धनुज ) : पुंछ नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और आम जनता को ट्रैफिक संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस के विशेष दस्ते ने नगर के महत्वपूर्ण क्षेत्रों और मुख्य बाजार का औचक दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। यह अभियान एसएसपी ट्रैफिक रूरल मास्टर पोप्सी के दिशा-निर्देशों के तहत चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस के विशेष दस्ते ने बाजार और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में यातायात की स्थिति का निरीक्षण किया तथा सड़क पर वाहनों की आवाजाही के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं का आकलन किया।
अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने स्थानीय दुकानदारों से बातचीत कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभाग का सहयोग करने की अपील की। दुकानदारों से कहा गया कि वे यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने में पुलिस का सहयोग करें, ताकि बाजार में जाम की समस्या से बचा जा सके और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि वन-वे व्यवस्था लागू रहने के दौरान बाजार में वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। इस नियम का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस का उद्देश्य बाजार में यातायात को व्यवस्थित करना, जाम की समस्या को कम करना तथा पैदल चलने वाले लोगों और वाहन चालकों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है।
यातायात पुलिस ने आम जनता और व्यापारियों से अपील की कि वे निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और पुंछ नगर में बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभाग के साथ सहयोग करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
