Omar Abdullah सरकार में नहीं होगा उप-मुख्यमंत्री, कोई बड़ा नेता नहीं जीत पाया चुनाव

Sunday, Oct 13, 2024-12:37 PM (IST)

जम्मू : जम्मू-कश्मीर में नई सरकार में उप-मुख्यमंत्री नहीं होगा। मुख्यमंत्री के अलावा 8 से 10 मंत्री ही शपथ ग्रहण करेंगे। नैशनल कांफ्रैंस और कांग्रेस की गठबंधन सरकार को कश्मीर संभाग से बड़ा जनमत हासिल हुआ है। कांग्रेस को मिली 5 से 6 सीटें कश्मीर संभाग से ही हासिल हुई हैं। वहीं नैशनल कांफ्रैंस को भी अधिकतर सीटें कश्मीर संभाग से ही हासिल हुई हैं।

पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार नैशनल कांफ्रैंस और कांग्रेस की गठबंधन सरकार में उप-मुख्यमंत्री नहीं होगा। जम्मू संभाग में दोनों पार्टियों से कोई बड़ा चेहरा चुनाव नहीं जीत पाया। कांग्रेस के बड़े चेहरों में कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला, पूर्व उप-मुख्यमंत्री तारा चंद, पूर्व सांसद चौधरी लाल सिंह, पूर्व मंत्री मनोहर लाल शर्मा समेत अन्य कई प्रमुख चेहरे चुनाव हार गए।

जम्मू संभाग की कुल 43 में से 29 सीटों पर भाजपा ने जीत का परचम लहराया। ऐसे में उमर अब्दुल्ला सरकार में जम्मू संभाग से मंत्री किसे बनाया जाए इसको लेकर ही चर्चाओं का दौर चल रहा है। नई सरकार में जम्मू संभाग को नाम मात्र का ही प्रतिनि​धित्व मिलने की संभावना है। ज्यादातर मंत्री कश्मीर संभाग से ही बनाए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर में 10 साल के पश्चात हुए विधानसभा चुनाव में नैशनल कांफ्रैंस और कांग्रेस गठबंधन को स्पष्ट बहुमत हासिल हुआ है। गठबंधन के नेता चुने गए उमर अब्दुल्ला उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा के समक्ष सरकार बनाने का दावा भी पेश कर चुके हैं। शपथ ग्रहण के लिए 16 अक्तूबर की ति​थि तय होनी की चर्चा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News