कबाड़ से बना Eiffel Tower, Taj Mahal और बहुत कुछ, Jammu में खुला अनोखा Park

Friday, Aug 07, 2026-10:19 AM (IST)

जम्मू(तनवीर सिंह): जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू शहर को एक और अनूठा पर्यटन केंद्र मिल गया है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वीरवार शाम भगवती नगर, कैनाल रोड पर बने 'तवी वंडरलैंड वेस्ट-टू-वंडर पार्क' का विधिवत उद्घाटन किया। जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पार्क पूरी तरह 'वेस्ट-टू-आर्ट' यानी कबाड़ से कला की थीम पर आधारित है।

उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी, विधायक अरविंद गुप्ता, विधायक विक्रम रंधावा, विधायक युद्धवीर सेठी, एच.यू.डी.डी. आयुक्त सचिव मनदीप कौर, जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सी.ई.ओ. डॉ. देवांश यादव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और स्कूली बच्चे भी उपस्थित थे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यह पार्क जम्मू की पहचान को नई ऊंचाई देगा। कबाड़ से दुनिया के अजूबे बनाकर न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है, बल्कि जम्मू को पर्यटन के नक्शे पर एक नई जगह भी दिलाई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रोजेक्ट से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और जम्मू में घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क की सफाई, सुरक्षा और रखरखाव का विशेष ध्यान रखा जाए।

कबाड़ से बने 14 विश्व प्रसिद्ध स्मारक

पार्क की सबसे बड़ी खासियत बेकार लोहे, प्लास्टिक और अन्य कबाड़ से बनाई गई दुनिया और देश के 14 प्रसिद्ध स्मारकों की प्रतिकृतियां हैं। इनमें एफिल टॉवर, व्हाइट हाउस, कोलोसियम, ग्रेट स्फिंक्स, अंगकोर वाट, टोडाइजी मंदिर, थिम्पू मोनेस्ट्री, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, ताजमहल, हवा महल, जंतर मंतर, गेटवे ऑफ इंडिया शामिल हैं। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर की पहचान माने जाने वाले दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज और ऐतिहासिक अखनूर किले की प्रतिकृति भी यहां आकर्षण का केंद्र हैं।

बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं

पर्यटकों की सुविधा के लिए पार्क में 800 वर्ग मीटर में कृत्रिम झील बनाई गई है, जहां बोटिंग की जा सकेगी। पानी की गहराई 2 से 2.5 फीट रखी गई है ताकि बच्चे भी सुरक्षित बोटिंग कर सकें। बच्चों के लिए किड्स जोन में झूले, सी-सॉ, मेरी-गो-राउंड, ओपन एयर थिएटर और कई सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं। पार्क परिसर में फूड कोर्ट, स्थानीय व्यंजनों की दुकानें, पर्याप्त पार्किंग और टॉयलेट्स की व्यवस्था भी की गई है।

टिकट और पार्किंग शुल्क

प्रशासन के अनुसार पार्क में प्रवेश शुल्क वयस्कों के लिए 80 रुपये, 3 से 12 साल के बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए 40 रुपये रखा गया है। 3 साल से कम बच्चों का प्रवेश निशुल्क रहेगा, जबकि विदेशी पर्यटकों के लिए टिकट 200 रुपये है। पार्क प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा। पार्किंग शुल्क दो पहिया के लिए 25 रुपये, कार के लिए 40 रुपये और बस के लिए 200 रुपये तय किया गया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News