Jammu Police का एक्शन, चाइनीज डोर बेचते दुकानदार Arrest
Friday, Jul 31, 2026-12:32 PM (IST)
जम्मू(रोशनी): आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जम्मू पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस स्टेशन डोमाना ने पुरखू कैंप में छापेमारी कर बैन चाइनीज प्लास्टिक मांझा यानी "गट्टू डोर" बेचने के आरोप में एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में आरोपी की पहचान राजीव सिंह सलाथिया पुत्र स्वर्गीय हकीकत सिंह निवासी दोमाना के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसकी दुकान से बैन चाइनीज प्लास्टिक मांझा के 5 रोल बरामद कर उन्हें जब्त कर लिया गया।
गौरतलब है कि जम्मू के डिप्टी कमिश्नर/जिला मजिस्ट्रेट द्वारा पहले ही एक आदेश जारी कर चाइनीज मांझा के बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। यह सिंथेटिक धागा बेहद तेज और नॉन बायोडिग्रेडेबल होने के कारण आम जनता के लिए खतरा बना हुआ है।
चाइनीज मांझे की वजह से अब तक पैदल चलने वाले लोगों, दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और पक्षियों के गंभीर रूप से घायल होने और मौत के कई मामले सामने आ चुके हैं।
आरोपी द्वारा प्रतिबंधित आदेश का उल्लंघन कर लोगों की जान को खतरे में डालने के आरोप में FIR नंबर 160/2026, धारा 223 भारतीय न्याय संहिता के तहत डोमाना थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
जम्मू पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि बैन चाइनीज मांझा की बिक्री, भंडारण, ढुलाई या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस तरह की किसी भी गैर-कानूनी गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
