हाय गर्मी ! आसमान से बरस रही आग, इतने दिनों का Orange Alert जारी
Thursday, Jun 12, 2025-02:03 PM (IST)

जम्मू : बढ़ते तामपान के चलते जम्मू-कश्मीर के लोग काफी परेशान हैं। इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के कारण सुबह 10 बजे ही आसमान से आग बरसना शुरू हो जाती है जिससे जम्मू तंदूर की तरह तपने लगता है। बुधवार को जम्मू का अधिकतर तापमान 44.4 डिग्री सैल्सियस और श्रीनगर में 33.9 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। बढ़ते तापमान और गर्मी से परेशान जम्मू के लोग नदियों और नहरों की ओर रुख कर रहे हैं। जम्मू के मैदानी इलाके में पड़ रही भीषण गर्मी सेन केवल इंसान बल्कि पशु-पक्षियां भी बेहाल हो रहे हैं।
दूसरी तरफ बिजली कटौती से लोगों की परेशानी में और इजाफा हो रहा है। लोगों के लिए धूप में निकलना मुहाल हो रहा है। दिन के समय बाजारों में चहल-पहल कम हो गई है। गर्मी में अधिकतर लोग घर में रहना पसंद कर रहे हैं। वहीं, मौसम विभाग ने हीट वेव को लेकर जम्मू कश्मीर में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।
2 दिनों का Alert
विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों तक जम्मू कश्मीर में तेज हीट वेव का प्रकोप जारी रहेगा। इसके चलते जनता को दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक आऊटडोर गतिविधयों न करते हुए घरों में रहने की सलाह दी है। विभाग ने जनता को अधिक से अधिक पानी और पेयजल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। विभाग द्वारा अलग 12 और 13 जून को जम्मू और कश्मीर के कुछ इलाकों में 40 से 60 और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना जताई है।
काजीगुंड में अब तक तीसरा सबसे अधिक तापमान 34.6 डिग्री रिकार्ड
जम्मू संभाग के साथ साथ अन्य स्टेशनों के तापमान में भी तेजी से बढ़ौतरी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को काजीगुंड में अब तक तीसरा सबसे अधिक तामपान 34.6 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। यह तापमान 23 जून 2023 को दर्ज किए गए 34.6 डिग्री सेल्सियस के बराबर रहा। इससे पहले काजीगुंड में दूसरा सबसे अधिक तापमान 27 जून 1988 को दर्ज किया गया था जो 35.3 डिग्री सैल्सियस है। अब तक का सबसे अधिक तापमान 26 जून 1988 को 35.7 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया है।
जम्मू-कश्मीर के अधिकतर भागों में तापमान 4 से 7 डिग्री तक बढ़ा
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मौजूदा समय में कश्मीर संभाग के अधिकांश भागों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सैल्सियस अधिक और जम्मू संभाग के अधिकांश भागों में सामान्य से 4 से 6 डिग्री अधिक रहा।
कश्मीर संभाग के अधिकांश भागों में रात का न्यूनतम तापमान 2 से 5 डिग्री सैल्सियस अधिक और जम्मू संभाग के कई भागों में सामान्य से 2 से 5 डिग्री सैल्सियस अधिक रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान कश्मीर संभाग के पहलगाम में 10.6 डिग्री सैल्सियस और जम्मू संभाग के बनिहाल 15.8 डिग्री सैल्सियस में दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी भी भीषण गर्मी की चपेट में है, पहाड़ी इलाकों से घिरा होने के बावजूद शोपियां में इस सप्ताह तापमान काफी अधिक दर्ज किया गया। ठंडी जलवायु और सेब के बागों के लिए मशहूर इस जिले में अभूतपूर्व गर्मी पड़ रही है, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं और विशेषज्ञ चिंतित हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, शोपियां में जून के औसत तापमान से काफी अधिक तापमान दर्ज किया गया। शुष्क मौसम और साफ आसमान के कारण स्थिति और खराब हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में गर्मी बरकरार है।
शोपियां में रहने वाले लोग इतनी गर्मी के आदी नहीं हैं। हम जून की शाम को स्वेटर पहनने के आदी हैं। इस बार गर्मी का मौसम पहले जैसा नहीं है। किसानों को गर्मी के कारण सेब के फूलों को नुकसान पहुंचने और जल्दी फल गिरने का भी डर है।
अधिकारियों ने लोगों से हाइड्रेटेड रहने, दोपहर में अनावश्यक यात्रा से बचने और बुजुर्गों और बच्चों के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने का आग्रह किया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि लंबे समय तक उच्च तापमान के संपर्क में रहने से गर्मी से संबंधित बीमारियां हो सकती हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here