जम्मू-कश्मीर में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड! आने वाले दिनों में जानें कैसा रहेगा मौसम का हाल

Saturday, Feb 21, 2026-07:19 PM (IST)

जम्मू (रोशनी): जम्मू-कश्मीर में इस बार फरवरी महीने में असामान्य गर्मी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 6 दिनों में कई जगहों पर दिन का तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। ऐसे में फरवरी 2026 अब तक की सबसे गर्म फरवरी बन सकती है। इस समय तापमान सामान्य से करीब 9 से 11 डिग्री ज्यादा चल रहा है।

मौसम विभाग ने बताया कि 28 फरवरी को श्रीनगर के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि, किसी भी जगह भारी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। विभाग ने किसानों को अपने कृषि कार्य जारी रखने की सलाह दी है। साथ ही पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को हिमस्खलन और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए सावधानी बरतने को कहा गया है।

शनिवार, 21 फरवरी 2026 को श्रीनगर में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो फरवरी महीने का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। इससे पहले 24 फरवरी 2016 को 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग का कहना है कि तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है।

गुलमर्ग में भी फरवरी का नया रिकॉर्ड बना है। यहां अधिकतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इससे पहले 11 फरवरी 1993 को 11.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ था। कुकर्नाग में 18.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो फरवरी का दूसरा सबसे अधिक तापमान है। यहां का सबसे अधिक रिकॉर्ड 29 फरवरी 2016 को 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा था।

वहीं, जम्मू के ग्रामीण इलाकों में सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला, जिससे लोगों को ठंड का एहसास हुआ। जम्मू शहर में सुबह 8 बजे तक कोहरा छाया रहा और धूप कम रहने के कारण ठंड महसूस की गई। बाद में धूप निकलने पर कोहरा साफ हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू में अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री और न्यूनतम 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि श्रीनगर में अधिकतम तापमान 18 से 19 डिग्री और न्यूनतम करीब 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

 


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News