रेलयात्रियों के लिए खुशखबरी ! अब... ATVM के अलावा मिलेगी और सुविधा! Railways का अहम कदम, पढ़ें..
Saturday, Feb 07, 2026-06:19 PM (IST)
जम्मू (मगोत्रा): उत्तर रेलवे के नवगठित जम्मू मंडल ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब जम्मू मंडल के कई रेलवे स्टेशनों पर स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट (STBA) तैनात किए जाएंगे और डिजिटल टिकटिंग के तहत ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें (ATVM) भी लगाई गई हैं।
जम्मू मंडल के 35 रेलवे स्टेशनों पर टिकट बुकिंग एजेंट की नियुक्ति के लिए पहले ही विज्ञापन जारी किया गया था। इनमें जम्मू-कश्मीर के 16, हिमाचल प्रदेश के 9 और पंजाब के 10 रेलवे स्टेशन शामिल हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 6 फरवरी थी, जिस तक 70 से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इस योजना का मकसद छोटे और मध्यम रेलवे स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट (UTS) की सुविधा को बेहतर बनाना है। अभी इन स्टेशनों पर टिकट स्टेशन मास्टर द्वारा जारी किए जाते हैं, जिससे उन पर काम का दबाव बढ़ जाता है। टिकट बुकिंग एजेंटों की तैनाती से स्टेशन मास्टरों को राहत मिलेगी और ट्रेन संचालन का काम भी सुचारू रूप से हो सकेगा।
रेलवे की इस योजना में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि उन्हें रोजगार मिल सके और यात्रियों को भी अपने ही इलाके में बेहतर सेवा मिले। इससे यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा और समय की बचत होगी।
इसके साथ ही जम्मू मंडल के पांच रेलवे स्टेशनों — दीनानगर, मुकेरियां, गुरदासपुर, दसूया और कठुआ — में ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें भी लगाई गई हैं, जिससे यात्री खुद ही आसानी से टिकट निकाल सकेंगे।
इस बारे में जानकारी देते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि रेलवे लगातार अपनी सेवाओं को डिजिटल और सरल बनाने की दिशा में काम कर रहा है। टिकट बुकिंग एजेंटों की नियुक्ति और ATVM मशीनों के लगने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और रेलवे का कामकाज भी पहले से ज्यादा पारदर्शी और सुचारू होगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
