37 वर्षों बाद मंदिर में गूंजे मंत्र, मुस्लिमों ने कश्मीरी पंडितों का किया जोरदार स्वागत

Friday, May 01, 2026-10:30 AM (IST)

बारामूला(रेजवान मीर): लगभग 37 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद कच्छवा स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दूर-दराज इलाकों से आए कश्मीरी पंडित समुदाय के लोगों ने भाग लिया। इस दौरान हवन और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और श्रद्धा के माहौल में डूब गया।

कार्यक्रम के दौरान डिप्टी कमिश्नर बारामूला, सैयद फखरुद्दीन हामिद ने भी स्थल का दौरा किया। उन्होंने इस पहल को शांति और विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में अमन और तरक्की की लहर चल रही है और कच्छवा में इस तरह का आयोजन सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है।

डिप्टी कमिश्नर ने स्थानीय मुस्लिम समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पंडित समुदाय का खुले दिल से स्वागत किया, जो क्षेत्र में भाईचारे और आपसी सौहार्द का एक बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने इस पहल के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन इस क्षेत्र में यात्रियों के लिए यात्री निवास स्थापित करने की योजना बना रहा है तथा नए मंदिर के निर्माण में भी पंडित समुदाय को पूरा सहयोग दिया जाएगा। साथ ही इस स्थान को धार्मिक पर्यटन के रूप में भी विकसित किया जाएगा।

इस अवसर पर पंडित समुदाय के लोग दूर-दूर से पहुंचे थे, जबकि स्थानीय मुस्लिम समुदाय ने उनके ठहरने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा। जम्मू-कश्मीर पुलिस और प्रशासन ने भी सुरक्षा और सुविधाओं के मद्देनज़र व्यापक इंतज़ाम किए थे। यह आयोजन क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द, भाईचारे और साझा विरासत की एक मिसाल बनकर उभरा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

 


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News