Poonch जिला अस्पताल में अचानक सायरन के गूंजने से लोग हुए हैरान! कर्मियों ने संभाली कमान...
Saturday, Apr 18, 2026-05:03 PM (IST)
पुंछ ( धनुज ) : पुंछ के राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक फायर अलार्म के सायरन ने सबको चौंका दिया। तीमारदार और मरीज कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अग्निशमन विभाग के जांबाज और अस्पताल कर्मी एक्शन मोड में नजर आए। दरअसल, यह कोई वास्तविक हादसा नहीं, बल्कि आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए की गई एक 'मेगा मॉक ड्रिल' थी, जिसने यह साबित कर दिया कि संकट के समय अस्पताल प्रशासन की तैयारी कितनी पुख्ता है।
आज अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग ने पुंछ नगर स्थित राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस दौरान अस्पताल स्टाफ, मरीजों और आम लोगों को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने आग लगने की स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने, सुरक्षित तरीके से मरीजों को बाहर निकालने, फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग तथा आपातकालीन निकास मार्गों के इस्तेमाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने भी इस अभ्यास में सक्रिय भागीदारी निभाई और आपातकालीन परिस्थितियों में तालमेल के साथ कार्य करने का अभ्यास किया।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना के दौरान जान-माल के नुकसान को कम करना और लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और मजबूत किया जा सके।


अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
