J&K: अब... सर्दियों में नहीं कटेगा मुख्य मार्ग से संपर्क! उप-राज्यपाल ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Monday, Apr 13, 2026-08:47 PM (IST)

कारगिल/जम्मू  (उदय):  केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सोमवार को द्रास की अपनी यात्रा के दौरान जोजीला सुरंग के पूर्वी पोर्टल का दौरा किया। उन्होंने वहां चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और लद्दाख को हर मौसम में कनैक्टीविटी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सबसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक की प्रगति की समीक्षा की।

अब तक हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उपराज्यपाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे काम में और तेज़ी लाएं ताकि सुरंग का काम समय पर पूरा हो सके और इसे जल्द से जल्द चालू किया जा सके। यह सुरंग लद्दाख के लिए साल भर कनैक्टीविटी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण के दौरान और अंतिम संरचना में भी सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के महत्व पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उपराज्यपाल को परियोजना के बारे में एक विस्तृत प्रस्तुति दी गई। उन्हें बताया गया कि यह सुरंग, जिसे मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा 6808.69 करोड़ रुपए की स्वीकृत लागत पर बनाया जा रहा है, फरवरी, 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है। उन्हें यह भी बताया गया कि सुरंग के (ब्रेकथ्रू) दोनों छोरों के मिलने की उम्मीद 2026 के मध्य तक है।

इस परियोजना में आधुनिक इंजीनियरिंग विशेषताएं शामिल हैं, जिसमें हर 750 मीटर के अंतराल पर ‘ले-बाय’ (वाहन रोकने की जगह) और परिचालन दक्षता व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 3 वैंटीलेशन शाफ्ट शामिल हैं। उपराज्यपाल को खुदाई के लिए पश्चिमी और पूर्वी, दोनों पोर्टलों से ‘न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथ’ (एन.ए.टी.एम.) के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि कुछ हिस्सों में चट्टानों की खराब गुणवत्ता के कारण चुनौतियां आई हैं, जिससे काम की गति प्रभावित हुई है।

जोजीला सुरंग को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘सपनों की परियोजनाओं’ में से एक बताते हुए सक्सेना ने इस परियोजना में लगे कर्मचारियों के समर्पण और दृढ़ता की सराहना की। उन्होंने चुनौतीपूर्ण भूभाग और कठोर मौसम की स्थितियों में उनके प्रयासों को सराहा। उन्होंने कहा कि पूरा होने पर यह सुरंग न केवल लद्दाख और देश के बाकी हिस्सों के बीच निर्बाध कनैक्टीविटी सुनिश्चित करेगी बल्कि इस क्षेत्र में पर्यटन को भी काफी बढ़ावा देगी। इसकी रणनीतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह परियोजना जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेशों के बीच आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और सामाजिक.सांस्कृतिक एकीकरण में योगदान देगी।

उपराज्यपाल ने आगे कहा कि जोजिला सुरंग का पूरा होना इस क्षेत्र के लिए एक युगांतरकारी मील का पत्थर साबित होगा जिससे विकास के नए द्वार खुलेंगे और लद्दाख पर्यटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित होगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News